योग और आध्यात्मिक पर्यटन की राजधानी ऋषिकेश में होटल की आसमान छूती कीमतों ने कई पर्यटकों का मूड बिगाड़ दिया है। जहां एक ओर गंगा किनारे का शांत वातावरण और हिमालय की गोद में बसा यह शहर आकर्षित करता है, वहीं बजट ट्रिप की उम्मीद रखने वाले पर्यटक अब दूसरे विकल्प तलाश रहे हैं। हाल ही में एक भारतीय कंटेंट क्रिएटर ने दावा किया है कि उनके दोस्त ने ऋषिकेश में होटल के महंगे दाम देखकर श्रीलंका में छुट्टियां मनाने का फैसला किया। परित्श शर्मा ने इस घटना पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि कैसे अंतरराष्ट्रीय छुट्टियां अब घरेलू छुट्टियों जितनी ही सस्ती होती जा रही हैं।
ऋषिकेश में होटल की कीमतों पर कहा
इस पोस्ट को एक्स पर @Paritolkks नामक हैंडल से शेयर किया गया है। इस पोस्ट में यूजर के अनुसार, उनके एक मित्र उत्तराखंड के ऋषिकेश में छुट्टियां मनाने की योजना बना रहे थे। हालांकि, होटल के महंगे दाम देखकर वे हैरान रह गए। जब उन्होंने कीमतों की जांच की, तो उन्हें पता चला कि ऋषिकेश के अधिकांश अच्छे होटलों में एक रात का किराया ₹9,000 से ₹15,000 के बीच था। कंटेंट क्रिएटर ने बताया कि 'उसी बजट में उन्होंने श्रीलंका बुक कर लिया। उन्हें 3,000 से 5,000 रुपये में समुद्र के सामने वाला 5-सितारा होटल मिल गया जो पैसे के हिसाब से बेहतर था, हवा साफ थी, अधिक शांतिपूर्ण और पर्यटन के अनुकूल था।'
भारत में पर्यटन पर कहा
उन्होंने अपने पोस्ट का समापन भारत में घरेलू पर्यटन पर विचार करते हुए किया, जिसमें उन्होंने लिखा: 'भारतीय पर्यटन अपने द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के मुकाबले बहुत महंगा होता जा रहा है। अगर यह सिलसिला जारी रहा, तो देश का आकर्षण कम हो जाएगा क्योंकि लोगों को अन्य जगहों पर बेहतर विकल्प मिलेंगे।'
यूजर्स ने दी मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
इस पोस्ट को देखने के बाद यूजर्स ने मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा कि, 'कोविड के बाद घरेलू पर्यटन में जबरदस्त उछाल आया है। इसी वजह से कीमतें बढ़ रही हैं। लेकिन बढ़ती कीमतों के बावजूद मांग लगातार बढ़ रही है। लेकिन श्रीलंका उन लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प होगा जो काफी किफायती बजट में एक बेहतरीन अनुभव की तलाश में हैं।'
दूसरे ने लिखा कि, '“मैंने मुंबई से ऋषिकेश की राउंड ट्रिप के लिए तीन लोगों के लिए 1.5 लाख रुपये खर्च किए। मैंने आखिरी समय में बुकिंग की थी और मैं अपने योग शिक्षक प्रशिक्षण के लिए जा रही थी, इसलिए मेरे पास ज्यादा विकल्प नहीं थे। लेकिन पापा ने बताया कि इतने पैसे में हम एशिया में कहीं भी जा सकते थे।'
तीसरे ने लिखा कि, 'ऋषिकेश श्रीलंका नहीं है। मुंबई में होटल के कमरे का किराया कोलकाता में होटल के कमरे के किराए के बराबर नहीं है। इसलिए यह तुलना गलत है। अगर उन्हें पैसे बचाने ही थे तो घर पर रहना बेहतर था।'
एक और यूजर ने लिखा कि, '3000 रुपये में समुद्र के सामने वाला कौन सा 5 सितारा होटल? इस महीने आईटीसी रत्नादीपा में सबसे सस्ते कमरे के लिए भी मुझे 15000 रुपये प्रति रात देने पड़े।'
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
गुरुग्राम में रह रहे लोग किस बात से ज्यादा डरते हैं? महिला ने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया; यूजर्स ने किया रिएक्ट