तेलंगाना में मेडक जिले के पापानपेट मंडल के एनकेपल्ली गांव के पास धान के खेत में एक विशालकाय मगरमच्छ दिखने से किसान घबरा गए। माना जा रहा है कि मंजिरा नदी का जलस्तर कम होने पर यह मगरमच्छ भटककर खेत में आ गया था। मगरमच्छ दिखने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वन विभाग के अधिकारियों को सूचना मिलने के बाद संगारेड्डी की एक विशेष बचाव टीम ने इसे सुरक्षित पकड़ लिया। इस मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से एक वन्यजीव केंद्र में भेज दिया गया है। वन अधिकारियों ने किसानों से सतर्क रहने और जंगली जानवरों के पास न जाने या उन्हें पकड़ने की कोशिश न करने की अपील की है। अगर कोई जंगली जानवर दिखे, तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
किसानों ने ली राहत की सांस
अधिकारियों द्वारा मगरमच्छ को सुरक्षित निकाल लेने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली। इस बीच वन रेंज अधिकारी (FRO) हिमाचंदना ने किसानों और मछुआरों से कहा कि अगर उन्हें मंजिरा नदी के किनारे कोई मगरमच्छ दिखे, तो वे उससे दूर रहें। उन्होंने उन्हें सलाह दी कि वे तुरंत वन अधिकारियों को सूचित करें, ताकि जरूरी कार्रवाई की जा सके।
यहां देखें वीडियो
किसानों को दी ये सलाह
वन अधिकारियों ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेतों में जाते समय सतर्क रहें और नदी के पास सावधानी बरतें। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें कोई मगरमच्छ या अन्य जंगली जानवर दिखे, तो वे खुद उनके करीब जाने या उन्हें पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
यहां देखें वीडियो
मगरमच्छ खेत में कैसे पहुंचा?
स्थानीय किसानों का मानना है कि यह मगरमच्छ शायद नहरों के रास्ते खेतों में आ गया होगा या हो सकता है कि पास की मंजिरा नदी में पानी का स्तर कम होने की वजह से या फिर भोजन की तलाश में वह इधर आ गया हो। गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में मंजिरा नदी बेसिन में मगरमच्छों की संख्या काफी बढ़ गई है। अक्सर ऐसा होता है कि जब बाढ़ आती है या पानी का स्तर घटता-बढ़ता है, तो प्रसिद्ध 'मंजिरा वन्यजीव अभयारण्य' (Manjira Wildlife Sanctuary) के नदी क्षेत्रों से जानवर पास के गांवों की ओर आ जाते हैं।
ये भी पढ़ेंः जेब में चंद सिक्के, पास में थोड़ा खाना...... फिर भी दान करने से पीछे नहीं हटा दिव्यांग, दिल छू लेगा नेकी का Video