दिल्ली में एक विदेशी पर्यटक और ऑटो रिक्शा चालक के बीच हुई दिल छू लेने वाली घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई है। यात्रा कंटेंट क्रिएटर तारा इंग्राम (@givingjoyfully_25) द्वारा शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि ऑटो चालक ने किराया लेने से इनकार कर दिया, जिसके बाद महिला ने आभार स्वरूप उन्हें 2,000 रुपये दिए। यह वीडियो लाखों व्यूज और लाइक्स हासिल कर चुका है।
दरियादिली से इंप्रेस दिए दो हजार रुपये
घटना दिल्ली में हुई। तारा इंग्राम ऑटो से सफर कर रही थीं। गंतव्य पहुंचने पर उन्होंने चालक से कहा कि उनके पास छुट्टे पैसे (चेंज) नहीं हैं। वे किराया देने के लिए चेंज मांग रही थीं। लेकिन ऑटो चालक ने मुस्कुराते हुए हिंदी में जवाब दिया, “कोई बात नहीं, जाइए आप।” फिर अंग्रेजी में आश्वस्त करते हुए कहा, “डोंट वरी।” तारा हैरान रह गईं। उन्होंने दोबारा पूछा, “Are you sure?” चालक ने फिर दोहराया कि कोई समस्या नहीं। पास खड़े एक व्यक्ति ने बातचीत सुन ली और मदद के लिए आगे आए। तारा ने उन्हें अनुवादक बनाकर चालक को धन्यवाद देने को कहा। वे बोलीं, “कृपया मेरी तरफ़ से उन्हें धन्यवाद दें। उनसे कहें कि मैं उन्हें 2,000 रुपये देना चाहती हूं। उनसे कहें कि मैं उनके लिए कुछ अच्छा करना चाहती हूं।” अनुवादक ने बात पहुंचाई। तारा ने 2,000 रुपये चालक को सौंप दिए। चालक खुशी से भर गए और शुक्रिया अदा किया। तारा ने आशीर्वाद देते हुए कहा, “आपका परिवार सुखी रहे।” चालक ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं। यह पल देखने वाले कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
इस बातचीत को लेकर ऑनलाइन कई भावनात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, जिनमें से कई यूजर्स दोनों के बीच साझा की गई दयालुता पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा कि, 'दयालुता हमेशा, हमेशा, हमेशा जीतती है।'
दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'भारत से प्यार भेज रहा हूं।'
तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'भगवान आपका भला करे, बहन।'
चौथे यूजर ने लिखा कि, 'भारत अद्भुत है।'
पांचवें यूजर ने लिखा कि, 'अच्छे दिल वाले इंसान को देखकर ही पता चल जाता है। उसकी मुस्कान सब कुछ बयां कर देती है।'
छठे यूजर ने लिखा कि, “इस तरह के वीडियो देखकर मुझे एहसास होता है कि आप जो कुछ भी देते हैं, वह आपके पास वापस आता है। कितना प्यारा है। बात दान की गई राशि की नहीं है। बात 'अच्छा करो, अच्छा पाओ' के सिद्धांत की सुंदरता की है।”
सातवें यूजर ने लिखा कि, 'यह हमारा अद्भुत भारत है। भारत में आपका स्वागत।'
एक और यूजर ने लिखा कि, 'चाचा के लिए खुश हूं।'
एक अन्य यूजर ने लिखा कि, 'आपने बहुत अच्छा काम किया है, महोदया। एक दिन आपको अपने अच्छे कर्मों का फल अवश्य मिलेगा। इज़राइल से आपको ढेर सारा प्यार।'
गौरतलब है कि, इससे पहले कस्टमर से मराठी में बात करने के लिए मुंबई के ऑटो चालक की ट्रिक वायरल हुई थी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
मुंबई के ऑटो चालक तो बड़े 'कूल' हैं! टेलर स्विफ्ट के गाने गाते ड्राइवर का Video वायरल, देखते ही हैरत में यूजर्स