एपल का पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo भारत में लॉन्च होते ही चर्चा का विषय बन गया। दिल्ली-एनसीआर में क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट पर यह फोन सुबह 8:15 बजे उपलब्ध हुआ और महज 5 मिनट में पूरा स्टॉक खत्म हो गया। इसकी शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये है। इस तेजी से बिकने की खबर ने सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी। कई यूजर्स ने कमेंट किया कि “तो भारत में अमीर लोग हैं।”
फाउंडर की पोस्ट वायरल
ब्लिंकिट के फाउंडर और सीईओ अल्बिंदर ढींढसा ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी पुष्टि की। उन्होंने लिखा, “सुबह 8:15 बजे दिल्ली-एनसीआर में लॉन्च हुआ और 5 मिनट में सब बिक गया। कंपनी आने वाले हफ्तों में और स्टॉक लाने की कोशिश कर रही है।”
iPhone Duo का क्रेज क्यों
iPhone Duo एपल का पहला फोल्डेबल फोन है। इसमें फोल्ड होने पर 5.4 इंच का आउटर डिस्प्ले और खुलने पर 7.6 इंच का इनर डिस्प्ले है। बेस 256GB मॉडल की कीमत 2,99,900 रुपये है। 512GB 3,24,900 रुपये, 1TB 3,74,900 रुपये और टॉप 2TB मॉडल 4,49,900 रुपये का है। इसमें A20 Pro चिप, 48MP कैमरे और मजबूत बिल्ड है।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर बहस दो धाराओं में बंटी। एक तरफ लोग भारत की आर्थिक तरक्की और अमीर वर्ग की बढ़ती संख्या की तारीफ कर रहे थे। दूसरी तरफ कुछ ने कहा कि इतनी महंगी चीजें आम आदमी की पहुंच से बाहर हैं और यह असमानता को दर्शाता है। फिर भी वायरल चर्चा ने iPhone Duo को और लोकप्रिय बना दिया। कई लोगों ने लिखा कि इतनी महंगी डिवाइस इतनी जल्दी बिक जाना भारत की क्रय शक्ति को दिखाता है। कुछ ने मजाक में कहा, “हम अमीर देश हैं!” वहीं कुछ यूजर्स ने सवाल किया कि ब्लिंकिट पर कितने यूनिट उपलब्ध थे। ढींढसा ने संख्या नहीं बताई, इसलिए कुछ लोगों को लगा कि स्टॉक सीमित हो सकता है। फिर भी यह घटना प्रीमियम सेगमेंट में डिमांड को रेखांकित करती है।
यहां हुई सबसे ज्यादा बुकिंग
भारत में iPhone Duo की प्री-बुकिंग 16 अक्टूबर से शुरू हुई थी और 23 अक्टूबर को सेल शुरू हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले हफ्ते का पूरा स्टॉक देशभर में खत्म हो चुका है। मुंबई के बीकेसी और दिल्ली के साकेत स्थित एपल स्टोर्स पर सबसे ज्यादा बुकिंग हुई। कुछ रिटेलर्स को सीमित यूनिट मिल। ब्लिंकिट ने कहा है कि जल्द और स्टॉक आएगा। फिलहाल जो लोग खरीदना चाहते हैं, उन्हें इंतजार करना पड़ सकता है।
क्विक कॉमर्स का ट्रेंड
क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर महंगे गैजेट्स की बिक्री नया ट्रेंड बन रही है। ब्लिंकिट पहले भी एपल प्रोडक्ट्स बेचता रहा है। iPhone Duo जैसे अल्ट्रा-प्रीमियम डिवाइस का 5 मिनट में बिक जाना दिखाता है कि दिल्ली-एनसीआर जैसे शहरों में उच्च आय वर्ग के खरीदार मौजूद हैं, जो नई टेक्नोलॉजी के लिए मोटी रकम खर्च करने को तैयार हैं।
गौरतलब है कि, इससे पहले खौलती चाय में iPhone 18 Pro Max डालने का एक्सपेरिमेंट काफी वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
'जुगाड़ प्रधान देश...' iPhone 17 Pro के iPhone 18 Pro में मेकओवर को देख यूजर्स ने किए मजेदार कमेंट्स