एक 33 वर्षीय डॉक्टर की रेडिट पर पोस्ट ने इंटरनेट पर चर्चा छेड़ दी है। डॉक्टर ने बताया कि उनकी मासिक कमाई करीब 3 लाख रुपये है (कुछ रिपोर्ट्स में 3.5 लाख का जिक्र), फिर भी वे 18,000 रुपये मासिक पर पर्सनल ड्राइवर रखने को लेकर हिचक रहे हैं। उन्होंने पूछा कि क्या यह खर्च उचित है। जवाब में लोगों ने लगभग एकमत होकर कहा कि यह उनके जीवन की गुणवत्ता सुधारने वाला सबसे समझदारी भरा फैसला साबित होगा।
रेडिट पर शेयर की पोस्ट
इस पोस्ट को रेडिट पर @r/Frugal_Ind हैंडल से शेयर किया गया है। डॉक्टर ने रेडिट पर लिखा कि वे दो अस्पतालों में काम करते हैं, जो लगभग 25 किलोमीटर दूर हैं। रोजाना कार से करीब 60 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या से वे लगातार थकान महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि कमाई अच्छी होने के बावजूद 18,000 रुपये का अतिरिक्त खर्च सोचने पर मजबूर करता है।
Image Source : Reddit/@r/Frugal_Indड्राइवर को लेकर डॉक्टर का सवाल।
यूजर्स ने दिए जवाब
रेडिट यूजर्स ने जोरदार तरीके से ड्राइवर रखने की सलाह दी। एक यूजर ने लिखा, “कल्पना कीजिए कि आप पहले से थके हुए हैं। एक दिन नींद पूरी न हो और काम का दिन और थकाऊ हो। वापसी में ध्यान थोड़ा भी भटका तो हादसा हो सकता है। क्या आप कानूनी और नैतिक जिम्मेदारी लेना चाहेंगे? ड्राइवर रख लीजिए।”
दूसरे ने अपना अनुभव साझा किया, “मैंने 12 साल पहले ड्राइवर रखा था जब मेरी सैलरी एक लाख भी नहीं थी। लोग कहते थे कि पैसे बर्बाद कर रहे हो। लेकिन वह मेरे साथ 10 साल रहा। यह मेरा सबसे समझदारी भरा खर्च साबित हुआ। समय और मानसिक शांति मिली, काम बेहतर हुआ और परिवार के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिता पाया।”
एक डॉक्टर यूजर ने कहा, “मैंने एमडी पास किया है और जल्द दो जगह कंसल्टेंट जॉब करूंगा। ड्राइवर रखना मेरे लक्ष्यों में है। पैसे की समझदारी नहीं, बल्कि जिंदगी और समय की कद्र के कारण। कार में सो सकता हूं या कॉल कर सकता हूं। जिंदगी पैसे से कहीं ज्यादा कीमती है।” कई ने 18,000 को कम बताया और अच्छे ड्राइवर पर थोड़ा ज्यादा खर्च करने की सलाह दी।
क्यों जरूरी है यह खर्च?
ज्यादातर यूजर्स का मानना है कि थकान भरी ड्राइविंग से दुर्घटना का खतरा बढ़ता है। डॉक्टर जैसे पेशे में मानसिक और शारीरिक थकान आम है। ड्राइवर रखने से काम पर फोकस बेहतर होता है, आराम मिलता है और उत्पादकता बढ़ती है। लंबे सफर में समय का सदुपयोग संभव होता है—नींद, फोन कॉल या आराम। यह सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि सेल्फ-केयर और सुरक्षा का निवेश है। कई उच्च आय वाले प्रोफेशनल्स अब ड्राइवर या कैब सर्विस को प्राथमिकता दे रहे हैं ताकि स्ट्रेस कम हो और लाइफस्टाइल डिजीज से बचा जा सके।
गौरतलब है कि, इससे पहले भारतीय डॉक्टर ने ब्रिटेन की मेडिकल सेवाओं की हकीकत बताई थी, जिसका वीडियो काफी वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
'महंगे मकान और थकान भरी यात्रा...' पसंदीदा शहर मुंबई छोड़ छोटे गांव में शिफ्ट हुईं ये डॉक्टर, बताई वजहें