1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 'बिल्कुल डोरेमॉन के घर जैसा...' 40 साल पुराने जापानी घर की खूबसूरती देख बोला भारतीय शख्स, Video Viral

'बिल्कुल डोरेमॉन के घर जैसा...' 40 साल पुराने जापानी घर की खूबसूरती देख बोला भारतीय शख्स, Video Viral

सोशल मीडिया पर एक भारतीय शख्स का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें शख्स ने 40 साल पुराना जापानी घर का टूर किया और अपने रिएक्शन को इंस्टाग्राम पर शेयर किया।

40 year old Japanese home video, Japanese home decor video, indian man in japan, viral video, aaj ka- India TV Hindi
Image Source : IG/@_VACATIONER_ भारतीय शख्स का वीडियो वायरल।

इंस्टाग्राम पर एक भारतीय व्यक्ति आदित्य साहू द्वारा शेयर किए गए वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। इसमें उन्होंने जापान के एक 40 साल पुराने पारंपरिक घर का टूर दिखाया है। वीडियो में टाटामी फ्लोरिंग, लकड़ी की दीवारें, बगीचा और जापानी स्टाइल बाथरूम जैसी खूबियां देखने को मिलीं। इंटरनेट यूजर्स ने इसे ‘सपनों का घर’ करार दिया हैती हैं।

'बिल्कुल डोरेमॉन के घर जैसा...'

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @_vacationer_ नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो की शुरुआत में आदित्य एक महिला से पूछते हैं, “ओह, क्या यह आपका घर है?” महिला जवाब देती हैं, “हां, यह मेरा घर है।” आदित्य घर का टूर मांगते हैं और महिला हंसते हुए कहती हैं कि घर थोड़ा गड़बड़ है, फिर भी टूर देने को राजी हो जाती हैं। वे एंट्रेंस और गेट दिखाती हैं तथा बताती हैं कि घर लगभग 40 साल पुराना है। आदित्य हैरान होकर कहते हैं कि यह डोरेमोन के घर जैसा लगता है। महिला भी सहमति जताती हैं।  

घर के अंदर दिखीं लकड़ी की दीवारें

घर के अंदर जाते ही पारंपरिक जापानी बेडरूम नजर आता है। महिला बताती हैं कि यह जापानी फंक्शनल स्टाइल बेडरूम है और फर्श घास से बना है। आदित्य इसे “टाटामी” कहते हैं और महिला पुष्टि करती हैं। मुख्य कमरे में लकड़ी की दीवारें हैं। महिला बताती हैं कि शाम को वे और उनके पति वहां बैठकर आराम करते हैं और टीवी देखते हैं। किचन, गार्डन, सीढ़ियां और जापानी स्टाइल बाथरूम भी वीडियो में दिखाए गए हैं। पूरा घर सादगी, लकड़ी के इस्तेमाल और प्रकृति के साथ सामंजस्य का उदाहरण पेश करता है। 

वीडियो ने यूजर्स को किया आकर्षित 

इस वीडियो ने हजारों लोगों का ध्यान खींचा। कई यूजर्स ने टिप्पणी की कि घर की सादगी और पारंपरिक डिजाइन आधुनिक घरों से कहीं बेहतर लगती है। कुछ ने इसे डोरेमोन कार्टून के नोबिता के घर से जोड़कर देखा। जापानी घरों की खासियत जैसे टाटामी मैट (घास की चटाई), शोजी दरवाजे और मिनिमलिस्ट डिज़ाइन की तारीफ हुई। लोग घर की मेहमाननवाजी और महिला की सरलता पर भी मुग्ध हुए।

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं 

इस वीडियो को कई प्रतिक्रियाएं मिली हैं, जिसमें दर्शक दंपति की गर्मजोशी, विनम्रता और आतिथ्य सत्कार की प्रशंसा कर रहे हैं। 

एक यूजर ने लिखा कि, 'आप एक अच्छे इंसान हैं, भाई, और मुझे आपका व्यवहार बहुत पसंद है।'

दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'शिष्टता, अच्छे व्यवहार, सम्मान।'

तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'पति और पत्नी दोनों ही बहुत दयालु हैं। भगवान उन्हें आशीर्वाद दें।'

चौथे यूजर ने लिखा कि, 'वहां की संस्कृति, वहां के लोग, उनकी बातों में मौजूद कोमलता।'

पांचवें यूजर ने लिखा कि, 'अंत में धन्यवाद! शानदार!'

एक और यूजर ने लिखा कि, 'ये लोग वास्तव में सबसे दयालु, सबसे सभ्य और खुले विचारों वाले लोगों में से हैं जिनसे मैं मिला हूं। उनकी गर्मजोशी, सम्मान और दूसरों के प्रति उनका व्यवहार सचमुच बहुत सुंदर है।'

जापान में कैसे होते हैं पारंपरिक घर 

ऐसा माना जाता है कि, जापान में पारंपरिक घर अक्सर लकड़ी से बने होते हैं और उनका जीवनकाल 30-50 साल का माना जाता है, हालांकि कुछ ज्यादा पुराने भी होते हैं। ये घर प्रकृति के करीब होते हैं, खुलेपन और शांति पर जोर देते हैं। भारत में बड़े परिवारों और स्टोरेज की जरूरत को ध्यान में रखकर घर डिजाइन किए जाते हैं, जबकि जापानी घर सादगी और फंक्शनलिटी पर आधारित होते हैं। आदित्य के वीडियो ने इन अंतरों को स्पष्ट रूप से दिखाया। 
गौरतलब है कि, इससे पहले जापान में साफ-सफाई और हाईटेक सुविधाओं का वीडियो वायरल हो चुका है। इन सभी चीजों से भारतीय शख्स काफी इंप्रेस दिखा था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -

जब जापान में रास्ता भटक गईं ये दो भारतीय महिलाएं, लोकल लड़कियों ने की पहुंचाने में मदद; Video