1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. इतना बड़ा जिगरा शायद ही किसी के पास होगा, सैकड़ों फीट की ऊंचाई से शख्स ने बर्फीली नदी में लगा दी छलांग

इतना बड़ा जिगरा शायद ही किसी के पास होगा, सैकड़ों फीट की ऊंचाई से शख्स ने बर्फीली नदी में लगा दी छलांग

बर्फीली नदी में शख्स की छलांग को देख लोग दंग रह गए। वीडियो में देखा जा सकता है कि शख्स बर्फ से ढकी चट्टानों और ठंडे पानी में तैरते बर्फ के टुकड़ों के बीच छलांग लगाता है।

बर्फीली नदी में छलांग लगाता शख्स- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL MEDIA बर्फीली नदी में छलांग लगाता शख्स

जिंदगी से खिलवाड़ करना कोई समझदारी भरा काम नहीं है। लेकिन कई लोग ऐसे भी होते हैं, जिनका यहीं पेशा होता है। जैसे कि स्टंट मैन, माउंट क्लाइंबर, या फिर WWE रेसलर। ये लोग हर रोज अपने जीवन को दांव पर लगाते हैं और मौत को पराजित कर वापस अपने जीवन में लौट आते हैं। ऐसा ही एक शख्स है, जो नॉर्वे का एक एथलिट है। इस एथलिट का नाम केन स्टॉर्न्स है। इस एथलिट ने साल 2023 में एक ऐसी करतब कर दिखाई, जिसे देख दुनिया भर के लोग हैरान रह गए। 

शख्स ने डेथ डाइविंग में बनाया नया रिकॉर्ड

दरअसल, इस शख्स ने 40.5 मीटर (132 फीट) की ऊंचाई से एक बर्फीली नदी में छलांग लगाकर "डेथ डाइविंग" में अपने नाम एक नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। यह खतरनाक स्टंट साफतौर पर उसकी हिम्मत को दिखाता है। बता दें कि डेथ डाइविंग, को नॉर्वे में "डोड्सिंग" के नाम से जाना जाता है। यह एक ऐसा एक्सट्रीम स्पोर्ट है, जिसके लिए बहुत बड़ा जिगरा चाहिए। इस स्पोर्ट्स में खिलाड़ी को ऊंची चट्टानों, प्लेटफॉर्म या डाइविंग बोर्ड से छलांग लगाना होता है और पानी में घुसने से ठीक पहले कैननबॉल या पाइक पोजीशन बनाना होता है। इस खेल की शुरुआत नॉर्वे में ही हुई और यह वहां की संस्कृति का एक अनूठा हिस्सा है। प्रतियोगिताओं में जज डाइवर की तकनीक, स्टाइल और पोजीशन को बनाए रखने की अवधि के आधार पर अंक देते हैं।

केन स्टॉर्न्स का रिकॉर्ड-तोड़ परफॉर्मेंस

दिसंबर 2023 में, केन स्टॉर्न्स ने नॉर्वे के स्ट्रिन शहर में 40.5 मीटर की ऊंचाई से छलांग लगाकर डेथ डाइविंग का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा। इससे पहले उन्होंने 2021 में 31.3 मीटर की छलांग के साथ रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन इस बार उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड को 10 मीटर से अधिक की बढ़त के साथ तोड़ दिया। वीडियो में केन एक टेंपरोरी प्लेटफॉर्म पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। नीचे बर्फ से ढंकी नदी भी नजर आ रही है। जहां कुछ जगहों पर बर्फ पिघलकर पानी में तबदील हो चुका है। केन पहले एक बड़ा सा पत्थर फेंककर पानी की सतह और दूरी का अंदाजा लगाते हैं। इसके बाद, वे पूरी निडरता के साथ बर्फीली नदी में छलांग लगा देते हैं। 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ शख्स का यह वीडियो

केन के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर कई लोगों ने शेयर किया और उनके इस नई उपलब्धि के बारे में बताया। @DudespostingWs नामक अकाउंट ने भी इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर शेयर कर केन के नए उपलब्धि के बारे में जानकारी दी है। जहां वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है- "2023 में, केन स्टॉर्नेस ने नॉर्वे में 132 फीट (40.5 मीटर) की डेथ जंप के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाया।" इस वीडियो को अब तक डेढ़ करोड़ से भी ज्यादा लोगों ने देखा और 18 हजार लोगों ने इसे लाइक किया है। 

लास्ट वाइकिंग कहलाता है ये शख्स

केन स्टॉर्न्स, खुद को "लास्ट वाइकिंग" बताते हैं। वे नॉर्वे के हार्स्टैड शहर में जन्मे। 39 साल के केन ने पहले सेना में अपनी सेवाएं दीं और उसके बाद उन्होंने एक एमएमए फाइटर के रूप में अपना करियर बनाया। बाद में, उन्होंने एक्सट्रीम स्पोर्ट्स की दुनिया में कदम रखा और डेथ डाइविंग में अपनी पहचान बनाई। केन बताते हैं कि हर छलांग से पहले उन्हें डर लगता है, लेकिन सही तकनीक और तैयारी के साथ वे इसमें हर बार कामयाब होकर लौटते हैं। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें:

जिस पिता को लड़की समझ रही थी मृत, वह 20 साल बाद जिंदा मिला, बेटी को देख शख्स खुद की आंखों पर नहीं कर पाया यकीन

इस इंजीनियरिंग को सलाम! मिस्त्री ने छत की सीढियों पर ही बना डाला टॉयलेट, खुले छत से भी दिखता है पूरा नजारा