1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. मुंबई में कूड़ा फैलाया तो खैर नहीं! ये नए AI कैमरे स्कैन करते ही देंगे चेतावनी, BMC ने दिखाई झलक; Video Viral

मुंबई में कूड़ा फैलाया तो खैर नहीं! ये नए AI कैमरे स्कैन करते ही देंगे चेतावनी, BMC ने दिखाई झलक; Video Viral

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें बीएमसी ने बताया है कि, ये कैमरे कूड़ा फैलाने वाले को स्कैन कर एआई चेतावनी देगा।

Littering in Mumbai, Mumbai AI Camera, AI Camera Initiative, BMC, Viral Video, Viral News  mybmc- India TV Hindi
Image Source : X/@MYBMC मुंबई में लगे AI कैमरे।

मुंबई में खुले में कचरा फेंकने वालों को अब सीधा चेतावनी मिलने वाली है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए AI से लैस स्मार्ट कैमरे लगाने की शुरुआत की है। ये कैमरे न केवल कूड़ा फेंकने वाले व्यक्ति की हरकत को पहचानते हैं, बल्कि लाउडस्पीकर के जरिए तुरंत आवाज में चेतावनी भी देते हैं।

एक्स पर BMC ने शेयर किया वीडियो

इस वीडियो को एक्स पर @mybmc नामक हैंडल से शेयर किया गया है। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में यह सिस्टम महिम के डॉ. रायकर मार्ग (Dr Raykar Marg) स्थित गजानन वाटिका में लगाया गया है। यह जगह शहर के ‘गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स’ (GVPs) में शामिल है, जहां नियमित रूप से लोग कचरा फेंक देते हैं। BMC के G/North वार्ड (जिसमें दादर, महिम और धारावी शामिल हैं) ने यह पहल शुरू की है। इस वार्ड में 23 ऐसे संवेदनशील बिंदु चिन्हित किए गए हैं।

कैसे काम करता है यह सिस्टम?

AI कैमरा किसी व्यक्ति के उस संवेदनशील स्थान की ओर बढ़ने की गतिविधि को तुरंत पकड़ लेता है। जैसे ही सेंसर मोशन डिटेक्ट करता है, उससे जुड़े लाउडस्पीकर से आवाज निकलती है। चेतावनी में व्यक्ति से अनुरोध किया जाता है कि वह जगह साफ रखे, खुले में कचरा न फेंके और बताया जाता है कि इलाका सीसीटीवी निगरानी में है। अगर चेतावनी नजरअंदाज की गई तो जुर्माना भी हो सकता है। BMC के आधिकारिक अकाउंट पर साझा किए गए वीडियो में एक व्यक्ति हरे रंग की थैली लेकर जगह पर आता है और कचरा फेंकने की कोशिश करता है। तुरंत सिस्टम सक्रिय हो जाता है और आवाज में चेतावनी दी जाती है। 

मुंबई में कचरे का हाल 

दावा किया जाता है कि, मुंबई में रोजाना 7,000 मीट्रिक टन से ज्यादा ठोस कचरा निकलता है। इनमें से काफी हिस्सा इन्हीं GVPs से इकट्ठा होता है। ये जगहें अक्सर बाजारों, उच्च फुटफॉल वाले क्षेत्रों या उन बस्तियों में होती हैं जहां कचरा गाड़ी आसानी से नहीं पहुंच पाती। ऐसे स्थानों पर कचरा जमा होने से बदबू, कीड़े-मकोड़े और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा होती हैं। BMC पहले से ही 134 GVPs पर सामान्य सीसीटीवी कैमरे लगा चुकी है और विश्लेषण तथा बेहतर सेवाओं के जरिए 100 से ज्यादा पुराने कचरा स्थलों को खत्म कर चुकी है। 

BMC का कुल टारगेट जानें 

अब AI तकनीक को जोड़कर इसे और प्रभावी बनाया जा रहा है। योजना है कि भविष्य में शहर के लगभग 283-286 GVPs पर ऐसे स्मार्ट कैमरे लगाए जाएं। ठोस कचरा प्रबंधन और सफाई नियमों के तहत सड़क, फुटपाथ, बगीचे या सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकने पर 500 रुपये जुर्माना निर्धारित है। कैमरा उल्लंघन करने वाले का चेहरा भी कैप्चर कर सकता है और बार-बार गलती करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए वीडियो वार्ड स्तर पर भेजा जाएगा। 

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियएं 

सोशल मीडिया पर इस पहल को सराहना मिल रही है। कई नागरिकों ने इसे स्मार्ट सिटी की दिशा में अच्छा कदम बताया। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि कैमरा सिर्फ पास से गुजरने पर भी चेतावनी बजा सकता है, जिससे गलत अलर्ट की आशंका जताई जा रही है। निवासी शोर और कचरा आसपास की जगहों पर शिफ्ट होने की चिंता भी जता रहे हैं। BMC अभी सिस्टम की प्रभावशीलता का आकलन कर रही है। यह पहल सिर्फ तकनीक तक सीमित नहीं है। BMC कचरा संग्रह सेवाओं को बेहतर बनाने और व्यवहार परिवर्तन अभियान भी चला रही है। मुंबई जैसे घनी आबादी वाले शहर में सफाई बनाए रखना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन AI कैमरों के जरिए जागरूकता बढ़ाने और तुरंत रोकथाम करने का प्रयास सराहनीय है।
गौरतलब है कि, इससे पहले ग्रेटर नोएडा में कूड़ा फैलान वाले एक शख्स को चेतावनी का वीडियो वायरल हुआ था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें  -  
ज़ीरो सिविक सेंस का एक और उदाहरण! इंडिया गेट के पास लोगों ने लगा दिया कचरे का अंबार; Video Viral