1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. दिन प्रति दिन बढ़ते जा रहा लोगों का IQ, पानी में डूबे रास्ते को पार करने के लिए शख्स ने भिड़ाया गजब का दिमाग

दिन प्रति दिन बढ़ते जा रहा लोगों का IQ, पानी में डूबे रास्ते को पार करने के लिए शख्स ने भिड़ाया गजब का दिमाग

एक गांव के रास्ते पर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सबको हैरान कर दिया। एक वायरल वीडियो में एक शख्स ने पानी से भरी सड़क को साइकिल से पार करने का ऐसा जुगाड़ निकाला कि लोग देखते ही रह गए।

डूबे रास्ते को पार करता शख्स- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@SMILE_CONNECTION_ डूबे रास्ते को पार करता शख्स

भारत में सड़कों की हालत किसी से छुपी नहीं। बरसात के दिनों में तो सड़कें और गलियां तो जैसे गायब ही हो जाती हैं। मानसून आते ही सड़कें और गलियां नदियों में तब्दील हो जाती हैं। डामर की सड़कें तो मानो बारिश की पहली बौछार में ही पिघलने लगती हैं। गड्ढे, कीचड़ और पानी से भरे रास्ते, ये सब भारतीय सड़कों की शान हैं। लेकिन अगर सड़कें मजबूत कंक्रीट की हों और पानी की निकासी का ढंग का इंतजाम हो, तो बात बन जाए। मगर हाय, ऐसी सड़कें तो पूरे देश में ढूंढे से भी नहीं मिलतीं। कई इलाकों में बारिश का मौसम आते ही सड़कें डूब जाती हैं, और लोग पानी में गोते लगाते नजर आते हैं। लेकिन इस सबके बीच एक शख्स ने पानी से डूबी सड़क को पार करने के लिए ऐसा कारनामा किया कि उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

दीवार पर चलते हुए साइकिल समेत पार कर लिया रास्ता

वीडियो में दिखता है कि एक गांव का रास्ता पूरी तरह पानी में डूबा हुआ है। सड़क के किनारे कुछ पत्थर रखे हैं, ताकि पैदल चलने वालों को थोड़ी राहत मिले। लेकिन इस शख्स को तो साइकिल समेत रास्ता पार करना था! अब साइकिल चलाकर पानी में उतरें तो पैर गीले हों, और गड्ढों का तो पता ही नहीं। तो भाई साहब ने क्या किया? साइकिल को मकान की दीवार के सहारे लगाया, हैंडल पकड़ा, और अपने पैर दीवार पर टिका दिए। फिर, किसी सुपरहीरो की तरह, दीवार पर चलते हुए साइकिल समेत रास्ता पार कर लिया।

लोगों ने शख्स को बताया स्पाइडरमैन का भाई

अब यूं तो ये स्टंट अपने आप में हैरान करने वाला है, लेकिन मजेदार बात ये है कि साइकिल पर एक भारी-भरकम गठरी भी लदी थी। शख्स ने न सिर्फ साइकिल को संभाला, बल्कि गठरी को कमर से सहारा देकर बैलेंस भी बनाए रखा। ये देखकर तो लोग दांतों तले उंगलियां दबाने को मजबूर हो गए। सोशल मीडिया पर किसी ने कहा, “ये तो स्पाइडरमैन का भाई है!” तो किसी ने लिखा, “निंजा हथौड़ी अपने शहर आया है यार!” एक यूजर ने तो मजाक में पूछ लिया, “अमेरिका क्या कहता था?”

वायरल वीडियो और लोगों का प्यार

ये मजेदार वीडियो इंस्टाग्राम पर @smile_connection_ ने शेयर किया, जिसे अब तक 11 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। वीडियो के ऊपर लिखा था “इंडियन्स डे बाय डे,” लेकिन एक यूजर ने चुटकी लेते हुए इसे “बिहार डे बाय डे” करार दे दिया। कमेंट्स की बौछार में लोग इस शख्स को ‘सुपरमैन’, ‘हैकर’, और न जाने क्या-क्या नाम दे रहे हैं। एक ने तो लिखा, “गजब यार, ये क्या हुआ!” सचमुच, इस शख्स का जुगाड़ देखकर लगता है कि भारत में हर मुश्किल का हल निकाल लिया जाता है। चाहे वो दीवार पर साइकिल चलाकर ही क्यों न हो।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें:

मगरमच्छ को हल्के में ले रहा था कुत्ता, जब जबड़े में अटकी जान तो पतली हो गई हालत

पापा की परियों को भी पीछे छोड़ गया मम्मा का यह मगरमच्छ, Viral Video देख नहीं रुकेगी आपकी हंसी