कोलकाता के नेताजी भवन मेट्रो स्टेशन पर सोमवार रात एक अजीबोगरीब और हिंसक घटना घटी। दो महिला यात्रियों ने ड्यूटी पर मौजूद महिला आरपीएफ कर्मियों से जमकर हाथापाई कर ली। इस भिड़ंत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे के बाल खींचते, धक्का-मुक्की करते और जमीन पर लोटते नजर आ रहे हैं।
सामने आया वायरल वीडियो
घटना करीब रात 10 बजे भवानीपुर के नेताजी भवन स्टेशन पर हुई, जो ब्लू लाइन (उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर) पर स्थित है। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, दो महिला यात्री नेताजी भवन मेट्रो स्टेशन में दाखिल हुईं। उन्होंने बिना किसी उकसावे के आरपीएफ कर्मियों से झगड़ा शुरू कर दिया। वीडियो में दो महिला आरपीएफ कर्मी और दो यात्री एक-दूसरे से उलझे दिखते हैं। बाल खींचना, लात-घूंसे और धक्के आम थे। एक अन्य यूनिफॉर्म वाली महिला बीच-बचाव करने की कोशिश करती नजर आती हैं। एक पुरुष भी मौके पर पहुंचा और एक महिला यात्री को कई बार मारा।
दोनों पर लगाया जुर्माना
अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं ने ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। इस पर तुरंत अन्य पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। RPF कर्मियों ने बीच-बचाव किया और उन्हें समझाया-बुझाया। जब महिलाएं नहीं मानीं तो उन दोनों पर 1,000-1,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
सोशल मीडिया पर व्यवस्था पर उठे सवाल
यह घटना मेट्रो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। यात्रियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच ऐसे झगड़े दुर्लभ हैं, खासकर महिलाओं के बीच। वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है। यूजर्स ने महिलाओं के नशे में होने का दावा करते हुए सफर करने वाली यात्रियों की आलोचना की। वहीं, कई यूजर्स सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं। कोलकाता मेट्रो प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। ऐसी घटनाएं न सिर्फ यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित करती हैं, बल्कि सार्वजनिक परिवहन की छवि भी खराब करती हैं। अधिकारियों ने सतर्कता बढ़ाने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की बात कही है। यह मामला याद दिलाता है कि मेट्रो जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन और संयम दोनों तरफ से जरूरी है। वायरल वीडियो ने एक बार फिर शहरी परिवहन में व्यवहारिक मुद्दों को चर्चा में ला दिया है।
गौरतलब है कि, इससे पहले दिल्ली मेट्रो के साथ फोन स्टंट का Video वायरल हुआ था, जिसे 13 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा था।
(कोलकाता से ओंकार सरकार की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें -
शख्स ने की सबसे कम टाइम में दिल्ली मेट्रो के सारे स्टेशनों की यात्रा, बना डाला गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड