A
  1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 'कांड करबौ इतना कि थाना कन्फ्यूज रहतो गे', सरकारी स्कूल में स्टाइल मार रहे थे टीचर, Reel हो गई Viral

'कांड करबौ इतना कि थाना कन्फ्यूज रहतो गे', सरकारी स्कूल में स्टाइल मार रहे थे टीचर, Reel हो गई Viral

सुपौल में एक सरकारी टीचर का स्कूल में अपराध को महिमामंडित करने वाले गाने पर रील बनाने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तक पहुंच गया है।

govt teacher reel in school- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सरकारी स्कूल में रीलबाजी

बिहार के सुपौल जिले के मरौना प्रखंड से शिक्षा व्यवस्था की साख पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय रसुआर का है, जहां कार्यरत सरकारी शिक्षक अजीत कुमार द्वारा स्कूल परिसर में बनाई गई एक रील ने पूरे जिले में बहस छेड़ दी है। वायरल रील में जिस गाना के उपयोग किया गया है, उसके बोल हैं- “कांड करबौ इतना कि थाना कन्फ्यूज रहतो गे”, जो अपराध को महिमामंडित करने वाले माने जा रहे हैं।

क्राइम को महिमामंडित करने वाले गाने पर बनाई रील

बताया जा रहा है कि यह वीडियो सरकारी स्कूल परिसर में ही शूट किया गया है। जिस स्थान को ज्ञान, अनुशासन और संस्कार का मंदिर कहा जाता है, वहीं इस तरह के गीत पर रील बनाना न केवल अनुचित है,बल्कि शिक्षा की गरिमा पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है। शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होता है, ऐसे में उनके द्वारा इस प्रकार का आचरण छात्रों और समाज दोनों को गलत संदेश देने वाला माना जा रहा है।

देखिए वायरल वीडियो-

स्कूल को बना दिया 'रील स्टूडियो'

वीडियो के सामने आने के बाद अभिभावकों, शिक्षाविदों और आम लोगों में नाराज़गी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि शिक्षक ही स्कूल को “रील स्टूडियो” बनाने लगे और अपराध से जुड़े बोलों को बढ़ावा दें, तो बच्चों के चरित्र निर्माण पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा? सोशल मीडिया पर भी इस वीडियो को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं और विभागीय कार्रवाई की मांग की जा रही है। सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या शिक्षक को स्कूल परिसर में रील बनाने की छूट है? और यदि ऐसा है, तो क्या विभाग ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करेगा या फिर यह मामला भी जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में चला जाएगा?

शिक्षा पदाधिकारी तक पहुंचा मामला

इस पूरे प्रकरण पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी और यदि शिक्षक दोषी पाए जाते हैं, तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला शिक्षा व्यवस्था की गंभीरता,अनुशासन और जवाबदेही पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न बन चुका है। अब देखना यह है कि जांच के बाद विभाग क्या कदम उठाता है क्योंकि यह सिर्फ एक रील का मामला नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के संस्कार और शिक्षा की गरिमा से जुड़ा सवाल है।

(रिपोर्ट- संत सरोज)

यह भी पढ़ें-

जनरल कोच के अंदर छिड़ी महिलाओं की जंग, देखकर लोग बोले- 'हे भगवान'