1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. हवा में उछली, गुलाटी खाकर सुरक्षित लैंड हुई... Tesla की उड़ने वाली कार ने मचाया तहलका; आते ही छा गई सुपरकार; Video

हवा में उछली, गुलाटी खाकर सुरक्षित लैंड हुई... Tesla की उड़ने वाली कार ने मचाया तहलका; आते ही छा गई सुपरकार; Video

सोशल मीडिया पर टेस्ला रोडस्टर 2 के वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं। इन वीडियोज को देखने के बाद लोग इसे 'उड़ने वाली कार' कह रहे हैं।

Tesla Roadster 2028, New Tesla Roadster, Tesla Roadster Rocket Variant, Elon Musk Tesla Roadster, Te- India TV Hindi
Image Source : X/@TESLA टेस्ला रोडस्टर 2 का वीडियो वायरल।

एलन मस्क की कंपनी टेस्ला ने अपनी लंबे समय से प्रतीक्षित दूसरी पीढ़ी की रोडस्टर का हैरान करने वाला प्रदर्शन किया। टेक्सास के मैकग्रेगर में स्पेसएक्स की रॉकेट टेस्टिंग सुविधा पर आयोजित इवेंट में कार ने रैंप पर उल्टी चढ़ाई की, हवा में पलटी मारी और सुरक्षित लैंडिंग की। इस नजारे ने इंटरनेट को झकझोर दिया। कई यूजर्स ने इसे “अब तक की सबसे बेहतरीन चीज़” और “टेस्ला की उड़ने वाली कार” करार दिया।

एक्स पर वायरल वीडियो ने मचाया तहलका 

15 अक्टूबर 2026 की रात को लाइवस्ट्रीम किए गए इस डेमो में टेस्ला रोडस्टर ने कई करतब दिखाए। पहले कार एक घुमावदार हाफ-पाइप रैंप पर चढ़ी और सक्शन सिस्टम की मदद से उल्टी अवस्था में चिपकी रही। फिर वह रैंप से छलांग लगाकर हवा में उड़ी, मिड-एयर फ्लिप किया और थ्रस्टर्स की मदद से चारों पहियों पर सुरक्षित उतरी। एक अन्य स्टंट में कार ने टेस्ला सेमी समेत कई वाहनों के ऊपर से छलांग लगाई और हवा में घूमकर लैंड की। 

एलन मस्क ने शेयर किए वीडियो 

इन वीडियोज को खुद एलन मस्क ने एक्स हैंडल से शेयर किया। एलन मस्क ने प्रदर्शन के बाद कहा, “खैर, यह काम कर गया।” टेस्ला के वीपी ऑफ व्हीकल इंजीनियरिंग लार्स मोरावी ने जोड़ा, “उड़ने वाली कारें असली हैं।” मस्क ने इसे टेस्ला और स्पेसएक्स के सहयोग का नतीजा बताया। कार में कंप्रेस्ड एयर थ्रस्टर्स लगे हैं जो स्पेसएक्स तकनीक पर आधारित हैं। ये थ्रस्टर्स कार को हवा में नियंत्रित करने, पलटने और नरम लैंडिंग में मदद करते हैं। बता दें कि, प्रदर्शन में कोई ड्राइवर नहीं था, कार स्वायत्त रूप से स्टंट कर रही थी। थ्रस्टर्स के अलावा कार में फैन सक्शन सिस्टम भी है जो इसे उल्टी स्थिति में चिपकाए रखता है।

उड़ने वाली की स्पीड के बारे में 

कंपनी का दावा है कि रोडस्टर 0 से 60 मील प्रति घंटे (लगभग 97 किमी/घंटा) की रफ्तार महज 0.81 सेकंड में पकड़ सकती है। टॉप स्पीड 230 मील प्रति घंटे से ज्यादा बताई गई है। प्रोडक्शन 2028 में शुरू होने की उम्मीद है। यह कार लगभग नौ साल के इंतजार के बाद सामने आई है। 2017 में पहली बार कॉन्सेप्ट दिखाया गया था।

सुपरकार को देखते ही फैन हुए यूजर्स 

सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं जबरदस्त रहीं। कई लोगों ने वीडियो देखकर हैरानी जताई। एक यूजर ने लिखा कि यह अब तक का सबसे शानदार प्रोडक्ट डेमो है। दूसरे ने कहा कि दिमाग काम करना बंद कर गया। एलन मस्क ने खुद इसे “अब तक का सबसे बेहतरीन प्रोडक्ट डेमो” का उम्मीदवार करार दिया था। इंटरनेट पर लोग इसे साइंस फिक्शन का सच होते देखने का पल बता रहे हैं। कई ने कहा कि उड़ने वाली कारें अब सिर्फ फिल्मों में नहीं, बल्कि हकीकत में हैं। 

एक यूजर ने लिखा, "वादा पूरा हुआ।" 

दूसरे ने टिप्पणी की, "एक टेस्ला जो उड़ सकती है? ऑटोमोबाइल का भविष्य वाकई रोमांचक होने वाला है!"

एक अन्य दर्शक ने कहा, "इस वीडियो को देखने के बाद पूरी दुनिया को यकीन करना मुश्किल हो रहा होगा।" 

एक अन्य टिप्पणी में नए विचारों को बढ़ावा देने में व्यापार और प्रतिस्पर्धा की भूमिका की सराहना करते हुए कहा गया, "यही कारण है कि पूंजीवाद महत्वपूर्ण है। इसलिए नहीं कि हर परिणाम निष्पक्ष होता है, बल्कि इसलिए कि प्रोत्साहन लोगों को जोखिम उठाने, चीजें बनाने और समस्याओं को हल करने के लिए प्रेरित करते हैं। इसके बिना, दुनिया को बदलने वाले कई नवाचार कभी नहीं हो पाते। और हां, यह बहुत ही शानदार है।"

एक यूजर ने लिखा, "रोडस्टर और एलन ने एक बार फिर दुनिया बदल दी है।" 

एक अन्य ने इसे "अब तक देखी गई सबसे बेहतरीन चीज़" बताया।

गौरतलब है कि, इससे पहले एलन मस्क द्वारा AI से चिट-चैट पर दी गई प्रतिक्रिया वायरल हुई थी। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -

भारतीय यूट्यूबर ने America में चलाई Elon Musk की रोबोटैक्सी, 5 मिनट का किराया सुन होश उड़ जाएंगे