1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. Tesla ने बिना ड्राइवर वाली कार में कंकालों को घुमाया, हैलोवीन मनाने का अनोखा तरीका वायरल; Video पर मिले फनी रिएक्शन

Tesla ने बिना ड्राइवर वाली कार में कंकालों को घुमाया, हैलोवीन मनाने का अनोखा तरीका वायरल; Video पर मिले फनी रिएक्शन

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दिखाया गया है कि, कैसे टेस्ला ने हैलोवीन के मौके पर साइबरकैब से कंकालों को घुमाया।

Tesla cybercab video, Tesla cybercab Halloween video, Halloween viral video, Tesla cybercab funny vi- India TV Hindi
Image Source : X/@ROBOTAXI कार में बैठे कंकाल।

हैलोवीन 2026 को टेस्ला ने अपने अंदाज में मनाया। कंपनी के आधिकारिक रोबोटैक्सी अकाउंट ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें बिना ड्राइवर वाली साइबरकैब ऑस्टिन (टेक्सास) की सड़कों पर घूम रही है और अंदर दो कंकाल सजे हुए हैं। वीडियो का कैप्शन था- “हड्डियों की यात्रा।” 

एक्स पर वायरल हुआ 19 सेकंड का वीडियो 

इस वीडियो को एक्स पर @robotaxi नामक हैंडल से शेयर किया गया है। करीब 19 सेकंड का यह वीडियो रात के समय लिया गया। पीले रंग की साइबरकैब सड़क पर चल रही है। केबिन में हरी रोशनी चमक रही है और दो स्केलेटन फिगर्स सीटों पर बैठे दिख रहे हैं। स्टीयरिंग व्हील या पैडल कहीं नहीं हैं, क्योंकि साइबरकैब पूरी तरह ड्राइवरलेस डिजाइन की गई है। वीडियो को एक अन्य गाड़ी से साथ-साथ फिल्माया गया था।  

रोबोटैक्सी सर्विस का प्रमोशन

टेस्ला ने इसे कोई नया फीचर या हैलोवीन मोड नहीं बताया। यह रोबोटैक्सी सेवा का सीजनल प्रमोशन है। इससे पहले उसी अकाउंट ने लोगों से कहा था कि वीकेंड पर अच्छी डिसीजन लें और रोबोटैक्सी से घर जाएं। टेस्ला ने हाल ही में रोबोटैक्सी के घंटे रात 2 बजे तक बढ़ाए हैं और कुछ शहरों में फ्री राइड्स भी शुरू की हैं। 

क्या है साइबरकैब 

साइबरकैब टेस्ला का दो सीट वाला रोबोटैक्सी मॉडल है। इसे अक्टूबर 2024 में अनवील किया गया था। प्रोडक्शन फरवरी 2026 में शुरू हुआ और सितंबर 2026 से ऑस्टिन में पेड पब्लिक राइड्स शुरू हुईं। इसमें बेंच-स्टाइल सीटिंग है, कोई स्टीयरिंग नहीं और यह पूरी तरह कैमरा और सेंसर आधारित ड्राइवरलेस सिस्टम पर चलती है। वर्तमान में सेवा ऑस्टिन, डलास, ह्यूस्टन, मियामी, ऑरलैंडो और टैम्पा में उपलब्ध है। बता दें कि, ऑस्टिन की सड़कों पर इन “हड्डियों वाले यात्रियों” को देखना कई लोगों के लिए यादगार पल बन गया। टेस्ला का यह छोटा लेकिन असरदार हैलोवीन गिमिक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग अब अगले हैलोवीन पर और भी क्रिएटिव आइडियाज का इंतजार कर रहे हैं। 

यूजर्स ने लिए मजे

सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से फैला। कई अकाउंट्स ने इसे शेयर किया तो हजारों लाइक्स और रिपोस्ट्स मिले। लोग मजाक कर रहे हैं कि “अगर क्लब से निकलो और 2 बजे रात को ये गाड़ी आ जाए तो क्या होगा?” 

कुछ ने कहा कि टेस्ला का ह्यूमर मैच नहीं कर सकता। 

कई यूजर्स ने इसे स्मार्ट मार्केटिंग बताया, क्योंकि बिना ड्राइवर वाली गाड़ी में कंकाल बिठाने का मजाक तभी काम करता है जब गाड़ी सच में ड्राइवरलेस हो।

कुछ ने कंकालों को “सेफ्टी मॉनिटर” बताते हुए चुटकी ली कि वे अभी भी हैलोवीन का इंतजार कर रहे हैं। 

कई लोगों ने कहा कि यह हैलोवीन डेकोरेशन का सबसे ऑन-ब्रांड तरीका है।  

गौरतलब है कि, इससे पहले यूजर्स ने Tesla की उड़ने वाली कार के Memes पर भी खूब मजे लिए थे। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें  -

हवा में उछली, गुलाटी खाकर सुरक्षित लैंड हुई... Tesla की उड़ने वाली कार ने मचाया तहलका; आते ही छा गई सुपरकार; Video