1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. गलती से बच्चे के हाथ से गिर गई बोतल, फर्श पर फैल गया कोल्डड्रिंक, फिर छोटू ने निभाया जेंटलमैन होने का फर्ज

गलती से बच्चे के हाथ से गिर गई बोतल, फर्श पर फैल गया कोल्डड्रिंक, फिर छोटू ने निभाया जेंटलमैन होने का फर्ज

इस समाज में जो कुछ भी हम करते हैं, उससे हमारे संस्कारों का पता चलता है। ऐसा ही एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें एक छोटे बच्चे ने लोगों को अपनी समझदारी का परिचय दिया।

फर्श पर गिरे कोल्ड ड्रिंक को साफ करता बच्चा- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@GHANTAA फर्श पर गिरे कोल्ड ड्रिंक को साफ करता बच्चा

सोशल मीडिया पर आए दिन कोई न कोई वीडियो वायरल होता रहता है, लेकिन कुछ वीडियोज ऐसे होते हैं जो दिल को छू जाते हैं। ऐसा ही एक वीडियो हाल ही में वायरल हुआ है, जिसमें एक छोटे से बच्चे की मासूमियत और जेंटलमैन वाली हरकत ने लाखों लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा लिया। इस वीडियो में एक बच्चे के हाथ से गलती से कोल्ड ड्रिंक की बोतल गिर जाती है, और फिर जो होता है, वो हर किसी को उसकी पीठ थपथपाने पर मजबूर कर देता है।

बच्चे ने कुछ ऐसे दिया अपने संस्कार का परिचय

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक छोटा सा बच्चा मेट्रो में खड़े होकर सफर कर रहा था। इसी दौरान उसके हाथ से गलती से कोल्ड ड्रिंक की बोतल नीचे गिर गई, जिसके बाद कोल्ड ड्रिंक मेट्रो के फर्श पर फैल गई। ऐसे में वह बच्चा अपने संस्कारों का परिचय देते हुए तुरंत ही अपने बैग से टिश्यू पेपर निकालता है और नीचे झुककर मेट्रो के फर्श पर फैले कोल्ड ड्रिंक को पोंछने लगता है। उस मासूम बच्चे की समझदारी देख लोग उसके लिए तालियां बजाने पर मजबूर हो गए। इसी दौरान किसी यात्री ने उस बच्चे का ये वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो में ये स्पष्ट नहीं हो पाया कि आखिर ये वीडियो है कहां का।

वीडियो देख लोग बच्चे की तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाए

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @ghantaa नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों ने इसे लाइक किया है। वीडियो पर तमाम लोगों ने कमेंट करते हुए बच्चे की इस समझदारी की तारीफ भी की है। वीडियो को लेकर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "उसकी माँ ने एक जेंटलमैन को पाला है।" दूसरे ने लिखा, "ये वीडियो देखकर खुशी हुई कि हम इस तरह अपनी भावी पीढ़ियों का पालन-पोषण कर रहे हैं।" तीसरे ने लिखा, "ये देखकर यकीन हो गया कि ये दुनिया बेहतर हाथों में जाने वाली है।" ऐसे ही कई अन्य लोगों ने इस वीडियो पर कमेंट किया और बच्चे की परवरिश को देखते हुए उसके मां-बाप की जमकर तारीफ की।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें:

आजादी के मौके पर हिल्स और सूट पहने लड़के ने डांस करते हुए बनाया रील, लोगों ने कहा- देश मांग रहा इसकी कुर्बानी

15 अगस्त पर इन लड़कों का परफॉर्मेंस देख हिला लोगों का दिमाग, स्वर्ग में बैठे गांधी जी भी पड़ गए सोच में