1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. बंदर ने मासूम बच्ची को बना लिया बंधक, छुड़ाने आए कई लोगों को काटा, देखें हैरान करने वाला Video

बंदर ने मासूम बच्ची को बना लिया बंधक, छुड़ाने आए कई लोगों को काटा, देखें हैरान करने वाला Video

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक बंदर ने मासूम बच्ची को बंधक बना लिया। बच्ची को छुड़ाने आए कई लोगों को बंदर ने काटा भी। इस पूरी घटना का हैरान कर देने वाला Video सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

up muzaffarnagar monkey kidnaps child- India TV Hindi
Image Source : REPORTER बंदर ने मासूम को बनाया बंधक।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, एक बंदर ने मासूम बच्ची को कई घंटों तक बंधक बनाए रखा। बताया जा रहा है कि एक स्थानीय पशु प्रेमी के द्वारा घंटो की मशक्कत के बाद बंदर का ध्यान भटका कर किसी तरह मासूम को बंधन मुक्त कराकर उसकी जान बचाई गई। जानकारी के मुताबिक, इस बंदर ने मासूम को छुड़ाने की कोशिश कर रहे कई लोगों को काटकर घायल भी किया है। बरहाल, इस दौरान किसी व्यक्ति ने ये पूरा वाक्या अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जो इस समय जनपद में चर्चा विषय बना हुआ है।

क्या है पूरा मामला?

दरसअल, चरथावल थाना क्षेत्र के कस्बा चरथावल में मंगलवार को तहसीन नाम के एक व्यक्ति के घर में घुसकर एक बंदर ने तीन माह की उसकी मासूम बच्ची कलसुम को बंधक बना लिया था। इसके बाद जब परिजनों ने बच्ची को बंदर से छुड़ाने की कोशिश की तो बंदर ने कई लोगों को काटकर घायल भी कर दिया था। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। तो वहीं एक पशु प्रेमी सन्नी ने मौके पर अपनी टीम के साथ पहुंचकर मशक्कत से मासूम बच्ची को बंदर के बंधन मुक्त कराया।

बंदर ने मासूम को अपना बच्चा समझ लिया

बताया जा रहा है कि इस बंदर ने मासूम बच्ची को अपना बच्चा समझ लिया था जिसके चलते बच्ची को नुकसान ना पहुंचाते हुए उसने उसे सिर्फ बंधक बनाया हुआ था। तो वहीं इस दौरान किसी व्यक्ति ने ये पूरा वाक्या अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में आप देख सकते हैं कि किस तरह बंदर मासूम बच्ची को बंधक बनाए हुए है और पशु प्रेमी सन्नी उसे बंधन मुक्त कराने की कोशिश करते हुए नजर आ रहा है।

पशु प्रेमी ने क्या बताया?

आपको बता दें कि इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए पशु प्रेमी सन्नी ने भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की है। इस वीडियो में सन्नी ये बताते हुए नजर आ रहा है कि "आज हम पहुंचे हैं जाहिद स्कूल की पिछली तरफ चरथावल में। हमें सूचना आई थी कि एक बच्चे को एक बंदर ने अपना बच्चा समझ कर बंदी बना लिया है। हमें यहां पर आए लगभग डेढ़ घंटा हो गया था बच्चा छुड़वाते हुए, मौके पर पुलिस भी है। इस बंदर की जो भावना थी वह बच्चे को नुकसान पहुंचाने की नहीं थी। शायद ऐसा हुआ हो कि इस बंदर का कोई बच्चा एक्सपायर हो गया हो, तो इस बच्ची को बंदर अपना बच्चा मानते हुए उसे बंदी बना रखा था। इसलिए हम लोग मौके पर पहुंचे, बच्ची को हमने छुड़ा दिया है और बच्ची को कोई नुकसान नहीं हुआ है। इस दौरान यह बंदरी जो थी, इसने इस बच्चे को अपना बच्चा मानते हुए बंदी बनाया हुआ था और कोई नुकसान नहीं किया। लगभग डेढ़ घंटे में हम लोगों ने इसको छुड़ाया है जबकि इसने तीन से चार आदमियों को काटा भी है। मौके पर प्रशासन भी खड़ा है। (रिपोर्ट: योगेश त्यागी)

ये भी पढ़ें- KG क्लास की फीस देख आंखें फटी रह जाएंगी, पोस्ट ने लोगों का खींचा ध्यान

जिम में शख्स ने किया ऐसा काम जिसे हंसी ही नहीं रुकेगी, Video हो रहा है वायरल