कानपुर: भारतीय रेलवे के प्लेटफार्मों पर अक्सर देखी जाने वाली लापरवाही और जल्दबाजी कभी-कभी जानलेवा साबित हो जाती है। लेकिन ऐसे मौकों पर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) के जाबांज जवानों की तत्परता और साहस ही यात्रियों की जान बचाता है। इसी तरह का एक दिल दहला देने वाला लेकिन सुखद अंत वाला हादसा 3 फरवरी 2026 को कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर हुआ, जहां आरपीएफ कांस्टेबल संतोष कुमार ने अपनी सूझबूझ और फुर्ती से एक यात्री की जान बचाई।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12403 प्लेटफार्म नंबर 1 से जैसे ही रवाना हुई, उसी दौरान एक यात्री चलती गाड़ी से उतरने का प्रयास करने लगा। लेकिन वह संतुलन नहीं बना सका और फिसलकर ट्रेन तथा प्लेटफार्म के बीच के खतरनाक गैप में गिर गया। यह गैप आमतौर पर 1-2 फुट का होता है, लेकिन चलती ट्रेन की रफ्तार में इसमें गिरना मौत को दावत देने जैसा है। ट्रेन की चपेट में आने या पटरी पर गिरने से यात्री की जान जा सकती थी।
RPF कांस्टेबल ने ऐसे बचाई जान
मौके पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल संतोष कुमार ने स्थिति को भांपते ही बिना किसी देर के दौड़ लगाई। उन्होंने तुरंत उस यात्री का हाथ पकड़ा और पूरी ताकत से उसे गैप से बाहर खींचकर सुरक्षित प्लेटफार्म पर ला दिया। इस पूरी घटना में महज कुछ सेकंड लगे, लेकिन इन सेकंडों ने एक जिंदगी बचा ली। उसके बाद कांस्टेबल संतोष कुमार ने यात्री को आरपीएफ थाने पर ले जाकर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की और पूछताछ की।
यात्री ने क्या बताया?
पूछताछ में यात्री ने अपना नाम वीरेंद्र कुमार सिंह बताया, जो रायबरेली जिले के भदोकर गांव का निवासी है। उसने बताया कि उसे रायबरेली जाना था, लेकिन गलती से वह इस ट्रेन में चढ़ गया था। ट्रेन के चल पड़ने पर घबराहट में वह उतरने की कोशिश कर रहा था, जिससे यह हादसा हो गया। वीरेंद्र कुमार सिंह ने आरपीएफ स्टाफ, खासकर कांस्टेबल संतोष कुमार का जीवन रक्षा के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी तत्परता के कारण आज वह जिंदा है। (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ेंं- पैसों की बारिश कराते दिखा तांत्रिक, VIDEO देख झांसे में आए लोग; लेकिन सच कुछ और निकला
चीखती-बिलखती वड़ा पाव गर्ल का एक और VIDEO वायरल, पति की गंदी हरकतें दिखाकर खोया आपा