छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक तांत्रिक तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों की बारिश कराने का दावा कर रहा था। उसने इसका एक वीडियो भी बना रखा था, जिसे देखने के बाद कोई भी उसके झांसे में आ जाएगा। वीडियो में तांत्रिक पर ऊपर से पैसे बरसाए जा रहे हैं, जिससे ऐसा लग रहा है कि वह पैसों की बारिश करा रहा है। हालांकि इसके पीछे का राज कुछ और ही था। मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस की टीम एक लूट कांड की पड़ताल में जुटी थी।
वीडियो दिखाकर करता था दावा
दरअसल, आरोपी तांत्रिक लोगों को एक वीडियो दिखाता था, जिसमें पैसों की बारिश हो रही है। वह दावा करता था वह पैसों को कई गुना ज्यादा कर देगा। उसका वीडियो देख एस शख्स झांसे में आ गया। तांत्रिक ने शख्स से दावा किया था कि वह ढाई लाख को ढाई करोड़ रुपये बना देगा। तांत्रिक ने युवक को पैसों की बारिश कराते हुए वीडियो भी दिखाया था, जिसे देख युवक झांसे में आ गया। युवक ने तांत्रिक को पैसे दे भी दिए, लेकिन तांत्रिक के पास से ये पैसे किसी और ने लूट लिए। पुलिस इसी मामले की जांच कर रही थी, जिसके बाद यह खुलासा हुआ।
तांत्रिक के साथ हुई लूट
दरअसल, रविवार की देर रात सरगुजा संभाग के 4 आरोपियों ने रतनपुर में कोरबा जिले के तिवरता निवासी पीड़ित विजय कुमार राज की गाड़ी रोककर लूटपाट की थी। घटना के वक्त विजय के साथ 3 अन्य महिलाएं भी थीं। आरोपियों ने महिलाओं के पर्स, मोबाईल फोन के साथ कार लूट ली थी। जांच में लूटी हुई कार मनेंद्रगढ़ से बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने घटना में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान पूरे मामले में चौंकाने वाला एंगल सामने आया।
लूटने वालों को ठग चुका था तांत्रिक
लूट के आरोपियों ने पुलिस को बताया कि विजय (जिससे कार लूटी गई थी) ने उनके साथ तंत्र-मंत्र कर पैसे बढ़ाने के नाम पर ठगी की थी। विजय ने पैसे बढ़ाने के लिए तांत्रिक गतिविधि करने का झांसा दिया और उनसे ढाई लाख रुपए ठग लिए। जब पैसे नहीं बढ़े तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पैसे वापिस मांगे तो उसने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी वजह से उन्होंने तांत्रिक से लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना का खुलासा होने पर विजय के खिलाफ भी FIR दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। (इनपुट- सिंकदर खान)
यह भी पढ़ें-
चीखती-बिलखती वड़ा पाव गर्ल का एक और VIDEO वायरल, पति की गंदी हरकतें दिखाकर खोया आपा