1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. सिडनी में कुंवारे व्यक्ति के रहने का खर्च कितना? ऑस्ट्रेलिया छोड़ने से पहले भारतीय व्यक्ति ने शेयर किया Video

सिडनी में कुंवारे व्यक्ति के रहने का खर्च कितना? ऑस्ट्रेलिया छोड़ने से पहले भारतीय व्यक्ति ने शेयर किया Video

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Sep 24, 2026 01:07 pm IST,  Updated : Sep 24, 2026 01:07 pm IST

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक शख्स का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बताया गया है कि, सिडनी में कुंवारे व्यक्ति के रहने का खर्च कितना आता है?

Sydney lifestyle video, Australia lifestyle video, cost of living in Australia, viral video, Indian - India TV Hindi
भारतीय शख्स का वीडियो वायरल। Image Source : IG/@PSYCH.ACTUALLY

ऑस्ट्रेलिया के सबसे महंगे शहरों में से एक सिडनी में रहने का खर्च कितना आता है? इस सवाल का जवाब एक भारतीय युवक ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव के जरिए दिया है। दिव्यज गौतम ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि टैक्स के बाद उनकी मासिक कमाई करीब 5 लाख रुपये थी और खर्च निकालने के बाद वे लगभग 2.4 लाख रुपये बचा लेते थे। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों को सिडनी की वास्तविक जिंदगी की झलक दे रहा है। 

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @psych.actually नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में दिव्यज ने बताया कि वे जल्द ही ऑस्ट्रेलिया छोड़कर भारत लौटने वाले हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “18 दिन बाकी हैं सिडनी छोड़ने में। असली नंबर।” उन्होंने अपनी कमाई की यात्रा भी साझा की। शुरुआत में वे भारतीय किराना स्टोर पर काम करते थे। हफ्ते में छह दिन काम करके करीब 500 ऑस्ट्रेलियन डॉलर (लगभग 34,000 रुपये) कमाते थे। बाद में रिटेल जॉब में हफ्ते के 1,100 डॉलर (करीब 75,000 रुपये) मिलने लगे। असली बदलाव तब आया जब उन्होंने साइकोसोशल रिस्क कंसल्टेंट के रूप में अपना प्रैक्टिस शुरू किया। हर क्लाइंट से महीने करीब 3,000 डॉलर (लगभग 2 लाख रुपये) मिलते थे। समय के साथ उनकी औसत मासिक कमाई टैक्स से पहले 10,000 डॉलर (लगभग 6.7 लाख रुपये) तक पहुंच गई। टैक्स कटने के बाद हाथ में करीब 7,500 डॉलर यानी लगभग 5 लाख रुपये आते थे।  

बताए अपने सारे खर्चे 

बकौल दिव्यज, सिडनी में कुंवारे व्यक्ति के लिए सबसे बड़ा खर्च किराया है। दिव्यज ने बताया कि वे आवास पर महीने करीब 2,400 डॉलर (लगभग 1.62 लाख रुपये) देते थे। यूटिलिटीज (बिजली, पानी आदि) पर 350 डॉलर (करीब 24,000 रुपये), किराने के सामान पर 500 डॉलर (लगभग 34,000 रुपये) और जिम मेंबरशिप पर 100 डॉलर (करीब 7,000 रुपये) खर्च होते थे। बाहर घूमने-फिरने और खाने-पीने पर 500 से 600 डॉलर (34,000 से 40,000 रुपये) लग जाते थे। इन सबको जोड़ने पर कुल मासिक खर्च करीब 3,900 डॉलर यानी लगभग 2.6 लाख रुपये बैठता था। 

'सेविंग्स के साथ भारत लौटना पसंद'

टैक्स के बाद 7,500 डॉलर की कमाई में से 3,900 डॉलर खर्च करने के बाद उनके पास करीब 3,600 डॉलर (लगभग 2.4 लाख रुपये) बच जाते थे। उन्होंने कहा कि वे इस रकम को लगभग पूरी तरह बचा लेते थे। “मैं भारत में प्लान के साथ नहीं, बल्कि कुशन (बचत) के साथ लैंड करना पसंद करूंगा,” उन्होंने बताया। दिव्यज ने जोर दिया कि जॉब्स में घंटों के हिसाब से पैसे मिलते थे, लेकिन कंसल्टिंग में सर्विस के हिसाब से। एक ही शहर, एक ही व्यक्ति, सिर्फ कमाई का तरीका बदला।  

यूजर्स ने दी प्रति​क्रियाएं 

यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। कई लोग सिडनी जैसे शहर में उच्च कमाई के बावजूद ऊंचे खर्चों पर हैरान हैं। किराया अकेले ही बजट का बड़ा हिस्सा खा जाता है। भारत की तुलना में सिडनी का कॉस्ट ऑफ लिविंग कई गुना ज्यादा है। एक कुंवारे व्यक्ति के लिए यहां आराम से रहने के लिए अच्छी कमाई जरूरी है, वरना बचत मुश्किल हो जाती है। दिव्यज का अनुभव उन भारतीयों के लिए उपयोगी है जो ऑस्ट्रेलिया में नौकरी या बिजनेस के बारे में सोच रहे हैं।  

गौरतलब है कि, इससे पहले भारतीय लड़की का सिंगापुर में खर्चे का एस्टीमेट वायरल हुआ था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -

'भारत घूमने के लिए पैसे बचाना...' अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय महिला ने विदेश में जीवन की कड़वी सच्चाई बताई
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।