नोएडा में किराए पर रहने वाली एक महिला तनु भारद्वाज ने इंस्टाग्राम पर अपना फ्लैट और सोसाइटी की सुविधाएं दिखाते हुए वीडियो शेयर किया है। उन्होंने बताया कि सेमी-फर्निश्ड फ्लैट के लिए वे हर महीने 29,000 रुपये किराया चुकाती हैं और बालकनी से दिखने वाले नज़ारे की कीमत भी इसी में शामिल है। वीडियो ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है कि क्या यह डील सही है या महंगी।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @tanus.diary नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में वे बोलीं कि, “इस नज़ारे की कीमत पूरी 29,000 रुपये चुकानी पड़ी। कैसे? बताती हूं। नोएडा में 29,000 रुपये के बजट में रेजिडेंशियल सोसाइटी में क्या मिलता है?” उन्होंने बताया कि फ्लैट सेमी-फर्निश्ड है, जिसमें मॉड्यूलर किचन, चिमनी, आरओ वॉटर प्यूरिफायर, गीजर, सीलिंग फैन और एग्जॉस्ट फैन जैसी बुनियादी सुविधाएं पहले से लगी हुई हैं। सोसाइटी में पार्किंग, पार्क, जिम, स्विमिंग पूल, योगा हॉल और पार्टी हॉल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। तनु ने पूछा, “यह सब 29,000 रुपये में मिलना क्या सही है या नहीं?” वीडियो का कैप्शन था, “ क्या नोएडा में 29 हजार का किराया प्रीमियम लाइफस्टाइल के लिए काफी है, या फिर भी समझौता करना पड़ता है? आइए रियलिटी चेक करें!”
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और इंटरनेट पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ ने किराए को उचित माना क्योंकि जिम, पूल जैसी सुविधाएं शामिल हैं। वहीं, कई लोगों ने इसे महंगा बताया।
एक ने लिखा, “कितने वर्ग फुट का है, कौन सा फ्लोर, कौन सी सोसाइटी, सेक्टर नंबर क्या है?”
दूसरे ने कहा, “अभी भी इतने अफोर्डेबल फ्लैट उपलब्ध हैं, यह हैरानी की बात है। सोसाइटी अच्छी मेंटेन लग रही है।”
तीसरे यूजर ने लिखा, “नोएडा के किराए बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं।”
चौथे ने कहा, “सेमी-फर्निश्ड फ्लैट के लिए 29 हजार अभी भी काफी ज्यादा लगते हैं।”
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती कीमतों से लोग परेशान
गौरतलब है कि, दिल्ली-एनसीआर में किराए बढ़ने से मिडिल क्लास पर बोझ बढ़ रहा है। यह चर्चा नोएडा और दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते किराए की सच्चाई को उजागर करती है। कई युवा प्रोफेशनल्स और परिवार बजट के अंदर अच्छी सुविधाओं वाले घर की तलाश में रहते हैं। सेमी-फर्निश्ड फ्लैट में बुनियादी चीजें मिलने से शुरुआती खर्च कम होता है, लेकिन सोसाइटी मेंटेनेंस और अन्य बिल अलग से लग सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, लोकेशन, साइज और सुविधाओं के आधार पर किराया तय होता है। मेट्रो कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में मांग ज्यादा होने से कीमतें ऊंची रहती हैं।तनु का वीडियो किराएदारों के लिए रियलिटी चेक बन गया है। कुछ इसे अच्छी डील मानते हैं तो कुछ समझौता। नोएडा में हाउसिंग डिमांड बढ़ने से किराए में उतार-चढ़ाव आम है। वीडियो ने लोगों को सोचने पर मजबूर किया कि बजट में प्रीमियम सुविधाएं कितनी संभव हैं।
बता दें कि, इससे पहले नोएडा की ही ₹30,000 से ज्यादा रेंट वाली सोसायटी की फोटो वायरल हुई थी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
'आप जिंदा हैं या मर गए किसी को फर्क नहीं..' महिला ने बताया नोएडा की हाईराइज बिल्डिंगों का कड़वा सच