Viral Video : एयरपोर्ट पर सामान भूल जाना यात्रियों के लिए आम समस्या है, लेकिन तिरुपति एयरपोर्ट पर एक महिला यात्री का अनुभव काफी दिलचस्प और सकारात्मक रहा। महिला का नाम रिमझिम बताया जा रहा है। उन्होंने परिवार के साथ यात्रा के दौरान अपना आईपैड एयरपोर्ट पर छोड़ दिया। जब उन्हें बीच रास्ते में इसका एहसास हुआ तो घबराहट हो गई, लेकिन CISF (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) की त्वरित मदद से मात्र 10 मिनट में उनका आईपैड वापस मिल गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर rimjhim_ki_duniya_नामक हैंडल से शेयर किया गया है। इसमें बताया गया कि तिरुपति एयरपोर्ट से निकलने के कुछ देर बाद ही परिवार को आईपैड के बारे में याद आया। वे तुरंत वापस एयरपोर्ट लौटे और खोजबीन शुरू की। जब खुद नहीं मिला तो उन्होंने सीआईएसएफ कर्मचारियों से शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद जो प्रतिक्रिया हुई वह बेहद त्वरित थी। रिमझिम के अनुसार, सीआईएसएफ अधिकारियों ने शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की, खोज का समन्वय किया और कुछ ही मिनटों में लापता डिवाइस का पता लगा लिया। शिकायत दर्ज कराने के महज 10 मिनट के भीतर आईपैड बरामद कर उन्हें वापस कर दिया गया। इस घटना से रिमझिम को राहत और प्रशंसा दोनों मिलीं। बाद में उन्होंने ऑनलाइन अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सुरक्षाकर्मियों की कार्यकुशलता और पेशेवर रवैये की सराहना की। वीडियो के कैप्शन में लिखा था, "हम तिरुपति हवाई अड्डे पर अपना आईपैड भूल गए थे और सीआईएसएफ की मदद से हमें अपना आईपैड वापस मिल गया... बहुत-बहुत धन्यवाद @official_cisf।"
यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया यूजर्स एयरपोर्ट पर खोई हुई वस्तुओं के मामलों को संभालने में सीआईएसएफ की त्वरित कार्रवाई और तत्परता की सराहना कर रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। हजारों यूजर्स ने इसे लाइक और शेयर किया। कई लोगों ने सीआईएसएफ की सेवा भावना की प्रशंसा की और लिखा कि ऐसे छोटे-छोटे अनुभव यात्रियों का विश्वास बढ़ाते हैं। एक यूजर ने कमेंट में कहा, “एयरपोर्ट पर सामान खोना आम है, लेकिन इतनी जल्दी वापस मिलना कमाल है।” कुछ ने भारत के एयरपोर्ट सुरक्षा बल की दक्षता पर भी चर्चा की।
पहले भी सामने आ चुके ऐसे मामले
ये पहली बार नहीं है जब सीआईएसएफ के अधिकारियों ने तत्काल किसी मामले में यात्री की मदद की है। वे लगातार लॉस्ट एंड फाउंड आइटम्स को ट्रैक करने और वापस सौंपने का काम करते हैं। तिरुपति एयरपोर्ट समेत देश के प्रमुख एयरपोर्ट्स पर सीआईएसएफ की टीमें 24 घंटे सतर्क रहती हैं। यह घटना यात्रियों के लिए एक अच्छा संदेश भी देती है कि एयरपोर्ट पर कोई भी सामान भूल जाने पर तुरंत संबंधित अथॉरिटी से संपर्क करें।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
भारत का इकलौता रेलवे स्टेशन, जहां प्लेटफॉर्म तक कार-बाइक ले जा सकते हैं; बीच में है चौड़ी रोड
भारत में पासपोर्ट अलग-अलग रंग के क्यों होते हैं, किस रंग की सबसे ज्यादा वैल्यू; सुनकर चौंक जाएंगे