1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बारुईपुर रेप मर्डर केस में पीड़िता के परिजनों से मिले सीएम शुभेंदु अधिकारी, डीजीपी को 72 घंटे का दिया अल्टीमेटम

बारुईपुर रेप मर्डर केस में पीड़िता के परिजनों से मिले सीएम शुभेंदु अधिकारी, डीजीपी को 72 घंटे का दिया अल्टीमेटम

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर का दौरा किया और रेप-मर्डर केस की पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Suvendu Adhikari, west bengal- India TV Hindi
Image Source : PTI शुभेंदु अधिकारी, सीएम, पश्चिम बंगाल

बारुईपुर: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आज दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर पहुंचे जहां उन्होंने 11 साल की उस बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की जिसकी रेप के बाद हत्या कर दी गई थी। शुभेंदु अधिकारी ने बारुईपुर के एसपी ऑफिस में पीड़िता के माता पिता से मुलाकात के दौरान उन्हें इस बात का भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने रेप-मर्डर और उसके बाद भड़की हिंसा को लेकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। 

अपराधियों और उपद्रवियों को सख्त चेतावनी

एसपी दफ्तर में बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने अपराधियों और उपद्रवियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इस घटना के बाद भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मारे गए इंद्रजीत मंडल पूरी तरह से निर्दोष थे। इस जघन्य घटना और गुंडागर्दी के लिए करीब 200 लोग जिम्मेदार हैं। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

डीजीपी को 72 घंटे का दिया अल्टीमेटम

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के डीजीपी को इस मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए 72 घंटे का समय दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को इस समय सीमा के भीतर सभी मुख्य आरोपियों को पकड़ना होगा। इसके साथ ही सूर्यपुर में एक नई पुलिस चौकी बनाने का फैसला लिया गया है। सीएम ने भारचूलायी समेत आसपास के सभी थानों के अधिकारियों से भी बात की है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने ऐलान किया कि वह हालात का जायजा लेने के लिए एक हफ्ते बाद दोबारा यहां आएंगे। सीएम ने कहा कि हमारे सरकार आने बाद आर जी कर मेडिकल कॉलेज केस में 3 पुलिस को सस्पेंड किया गया है। 

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने की थी तोड़फोड़

इससे पहले सीएम शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा था कि दोषियों को मौत की सजा मिलेगी। बता दें कि लड़की का शव रविवार को सुर्ज्यपुर हाट इलाके में एक बोरी में मिला था, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बारुईपुर-जयनगर रोड को ब्लॉक कर दिया था। भीड़ ने पुलिस के कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की। शव मिलने के कुछ घंटों बाद गुस्साई भीड़ ने लड़की की मौत में शामिल होने के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामले के सिलसिले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। राज्य सरकार ने घटना की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। 

ये भी पढ़ें:

साउथ 24 परगना में 11 साल की बच्ची से दरिंदगी के बाद हत्या, तालाब में मिला शव, भारी बवाल
पश्चिम बंगाल: नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी के साथ गाली-गलौच, स्थानीय लोगों ने घेरा, सामने आया VIDEO