A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. रास्ते में शराबियों ने किया पीछा तो बढ़ाई कार की स्पीड, पलटने से महिला की हुई मौत

रास्ते में शराबियों ने किया पीछा तो बढ़ाई कार की स्पीड, पलटने से महिला की हुई मौत

पश्चिम बर्धमान जिले में एक महिला की मौत हो गई। दरअसल, कार में सवार महिला छेड़छाड़ करने वाले युवकों से बचने की कोशिश कर रही थी। इस दौरान उसने स्पीड बढ़ा दी, जिससे कार आगे जाकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छेड़छाड़ करने वाले युवकों से बचने की कोशिश में 27 वर्षीय महिला की जान चली गई। यह घटना रविवार रात से सोमवार तड़के के बीच पानागढ़ में हुई। पुलिस के अनुसार, एक इवेंट मैनेजर द्वारा कार से पीछा किए जाने के दौरान महिला की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई और महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह महिला सुचंद्रा चट्टोपाध्याय थी, जो हुगली जिले के चिनसुरा की निवासी थी। वह अपने तीन दोस्तों के साथ एक समारोह में शामिल होने जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ।

शराब के नशे में धुत थे आरोपी

पुलिस ने जानकारी दी कि महिला और उसके दोस्त पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के बाद जब अपने रास्ते पर थे, तभी एक सफेद कार ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। उस सफेद कार में पांच लोग सवार थे, जो शराब के नशे में धुत थे। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जैसे ही दोनों कारें राजमार्ग पर पहुंची, आरोपियों ने महिला की कार के पास पहुंचकर भद्दी टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं और लापरवाही से गाड़ी चलाने लगे।

डिवाइडर से टकरा कर पलट गई कार

आरोपियों की गाड़ी से बचने के लिए सुचंद्रा ने अपनी कार की स्पीड बढ़ाई, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क के डिवाइडर से टकरा गई और कार पलट गई। इस दुर्घटना में महिला को गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मौके से फरार हुए आरोपी

पुलिस ने बताया कि जब सुचंद्रा की कार दुर्घटनाग्रस्त हुई, तो आरोपियों की कार में सवार पांच लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों कारों को जब्त कर लिया और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपियों के वाहन में शराब के अंश पाए गए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि वे शराब के नशे में थे। पुलिस ने वाहन मालिक की पहचान पानागढ़ के निवासी के रूप में की है और संदिग्धों की तलाश जारी है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

PM Kisan: पीएम मोदी ने 19वीं किस्त जारी की, 9.8 करोड़ से ज्यादा किसानों के खाते में पहुंचा पैसा

भागलपुर: CM नीतीश कुमार ने कहा- बिहार के विकास में मिल रहा पीएम मोदी का सहयोग, अब हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा नहीं होता