1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'हमारा पड़ोस अच्छा रहेगा तो हम भी अच्छे रहेंगे', नेपाल में Gen Z प्रदर्शन को लेकर ममता बनर्जी की लोगों से खास अपील

'हमारा पड़ोस अच्छा रहेगा तो हम भी अच्छे रहेंगे', नेपाल में Gen Z प्रदर्शन को लेकर ममता बनर्जी की लोगों से खास अपील

नेपाल में हो रहे प्रदर्शन को लेकर ममता बनर्जी भी अलर्ट हैं। ममता बनर्जी ने नेपाल से लगे पश्चिम बंगाल के जिलों के लोगों से खास अपील की है।

सीएम ममता बनर्जी- India TV Hindi
Image Source : PTI सीएम ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को नेपाल की सीमा से लगे उत्तरी जिलों के लोगों से पड़ोसी देश में सरकार विरोधी हिंसक प्रदर्शनों के मद्देनजर शांति बनाए रखने का आग्रह किया है। सीएम ने कहा कि हमारा पड़ोस अच्छा रहेगा तो हम भी अच्छे रहेंगे।

पीएम ओली ने दिया इस्तीफा

नेपाल में मंगलवार को दूसरे दिन भी हिंसक प्रदर्शन जारी हैं। प्रदर्शन को देखते हुए प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफे दे दिया है। कई नेताओं के आवासों में तोड़फोड़ और उनके साथ मारपीट भी की गई है।

सीमा से सटे जिलों में शांति बनाए रखने की अपील

उत्तर बंगाल के प्रशासनिक दौरे पर रवाना होने से पहले कोलकाता हवाई अड्डे पर सीएम बनर्जी ने कहा, 'हम नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश से प्यार करते हैं। हम सभी सीमावर्ती देशों से प्यार करते हैं। मैं सिलीगुड़ी, कलिम्पोंग और नेपाल सीमा के पास के अन्य इलाकों के निवासियों से भी शांति बनाए रखने और तनाव पैदा करने वाली गतिविधियों से बचने का आग्रह करती हूँ।'

यह हमारा मामला नहीं- ममता

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि विदेश नीति केंद्र सरकार का अधिकार क्षेत्र है। बनर्जी ने कहा, 'हम हस्तक्षेप नहीं कर सकते, यह हमारा मामला नहीं है। अगर हमारा पड़ोस अच्छा रहेगा तो हम भी अच्छे रहेंगे। हम चाहते हैं कि पड़ोसी देश में शांति बनी रहे।' (भाषा के इनपुट के साथ)