A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. खाली घर में बना रहे थे बम, तेज धमाके में एक शख्स की मौत, जला हुआ मिला शव

खाली घर में बना रहे थे बम, तेज धमाके में एक शख्स की मौत, जला हुआ मिला शव

पूर्व बर्धमान में एक देशी बम में हुए भीषण विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना कटवा अनुमंडल के राजोआ गांव में हुई।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में एक देशी बम में हुए भीषण विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे कटवा अनुमंडल के राजोआ गांव में हुई। पुलिस ने शनिवार को इस घटना की जानकारी दी।

खाली पड़े मकान में हुआ विस्फोट

पुलिस के मुताबिक, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि जिस घर में बम बनाया जा रहा था, उसकी टीन की छत उड़ गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह विस्फोट एक खाली पड़े मकान में हुआ था, जिसे असामाजिक तत्व अक्सर देशी बम बनाने के लिए इस्तेमाल करते थे। एक स्थानीय निवासी ने बताया, "दो तेज धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका हिल गया।"

जला हुआ शव बरामद

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर से एक जला हुआ शव बरामद किया। विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति की पहचान तूफान चौधरी के रूप में हुई है, जिन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर में बना रहे थे देशी बम

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक स्थानीय असामाजिक तत्व ने कुछ लोगों को उस घर में देशी बम बनाने के लिए बुलाया था और उसी दौरान यह भीषण विस्फोट हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "हम जांच कर रहे हैं कि क्या यह घर वाकई बम बनाने के अड्डे के रूप में इस्तेमाल हो रहा था और इसके पीछे और कौन लोग जुड़े हैं।" मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर आगे की जांच करेगी।

ये भी पढ़ें-

सोशल मीडिया व्यूज की सनक: रेलवे ट्रैक पर लेटकर बनवाई रील, ऊपर से गुजरी ट्रेन, फिर...VIDEO

पति की हुई मौत तो जेठ से इश्क, प्रॉपर्टी के लिए सास की कराई हत्या; कातिल हसीना की साजिश का हुआ पर्दाफाश