A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बंद रेलवे फाटक के नीचे से घुसा दी बाइक, अगले ही पल आ गई ट्रेन; मौत को छूकर 'टक' से निकले 3 युवक

बंद रेलवे फाटक के नीचे से घुसा दी बाइक, अगले ही पल आ गई ट्रेन; मौत को छूकर 'टक' से निकले 3 युवक

जब भी कोई ट्रेन आने वाली होती है तो रेलवे फाटक बंद कर दिया जाता है, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो, कोई हादसा न हो। लेकिन इसके बावजूद लोग अपनी जान हथेली पर लेकर रेलवे फाटक को पार करते ही रहते हैं।

हादसे में बाइक बुरी...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

रेलवे प्रशासन की ओर से बार-बार आम जनता से बंद रेलवे फाटक को अवैध रूप से पार न करने की अपील की जाती है, इसके बावजूद लोग लापरवाही बरतते हैं। इसी लापरवाही के कारण कई बार जानलेवा हादसे सामने आते हैं। ऐसा ही एक मामला आज पश्चिम बंगाल के बाराबनी क्षेत्र में देखने को मिला, जहां बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

बाइक के परखच्चे उड़ गए

जानकारी के अनुसार, बाराबनी बाजार के पास रेलवे फाटक बंद था और उसी दौरान एक ट्रेन गुजर रही थी। तभी 3 युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बंद फाटक पार करने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक ट्रेन के नीचे आ गई। हालांकि, तीनों युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकले। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रेन के नीचे फंसी रह गई। यही वजह है कि लोगों को बंद रेलवे फाटक पार करने से मना किया जाता है, ताकि ट्रेनों की वजह से होने वाले हादसों को रोका जा सके।

1 घंटे तक बाधित रहा रेल यातायात 

इस घटना के कारण करीब एक घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद बाइक को ट्रेन के नीचे से निकालकर हटाया गया। इसके बाद रेल परिचालन को सामान्य किया गया।

इस घटना के बाद एक बार फिर रेलवे प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि बंद फाटक पार करने की गलती न करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें-

कानपुर स्टेशन पर ट्रेन के अंदर चला ही गया था शख्स, लेकिन RPF ने बचा ली जान, देखें वायरल Video

ट्रेन के टॉयलेट में फंसे पूर्व CM वसुंधरा राजे के मीडिया सलाहकार, चिल्लाते रहे- ‘गेट तोड़ो वरना मौत हो जाएगी'