1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल: जमाई षष्ठी की रात चोरों ने तीन घरों को बनाया निशाना, नकदी के साथ दो बकरे की चोरी; इलाके में दहशत

पश्चिम बंगाल: जमाई षष्ठी की रात चोरों ने तीन घरों को बनाया निशाना, नकदी के साथ दो बकरे की चोरी; इलाके में दहशत

पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के कालना थाना क्षेत्र के नूतनग्राम में जमाई षष्ठी की रात चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाया। आरोप है कि चोर दो बकरे चोरी कर ले गए, जबकि दो अन्य घरों से नकदी और अन्य कीमती सामान भी ले गए।

जमाई षष्ठी की रात तीन घरों में चोरी, इलाके में दहशत- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV जमाई षष्ठी की रात तीन घरों में चोरी, इलाके में दहशत

West Bengal News: पश्चिम बंगाल में शनिवार को जहां लोग जमाई षष्ठी के त्यौहार की खुशियां मना रहे थे, वहीं चोरों ने चोर तीन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पूर्व बर्धमान जिले के कालना थाना क्षेत्र के नूतनग्राम में जमाई षष्ठी की रात चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को अपना निशाना बनाया। आरोप है कि चोर दो बकरे चोरी कर ले गए, जबकि दो अन्य घरों से नकदी और अन्य कीमती सामान भी ले उड़े। रविवार को कालना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

बकरियों के साथ नकदी और सामान को ले उड़े चोर

स्थानीय निवासी निलुफा बीबी ने बताया कि चोरों ने बकरियों के शोर मचाने से रोकने के लिए उनके मुंह पर ब्लैक टेप लगा दिया था। आरोप है कि तीन बकरियों के मुंह पर टेप लगाया गया, जिनमें से दो बकरों को चोर अपने साथ ले गए, जबकि एक बकरी की टेप लगे होने के कारण मौत हो गई।

एक अन्य पीड़िता नूरनेसा बीबी ने बताया कि अस्वस्थ होने के कारण वह शनिवार रात अपनी बहू के कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान चोर उनके खाली कमरे में घुस गए और नकदी सहित कई घरेलू सामान चोरी कर ले गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, पास के एक अन्य घर में भी चोरी की घटना हुई, जहां से नकदी और अन्य सामान गायब होने की शिकायत की गई है। 

इलाके में खौफ, पुलिस ने शुरू की जांच

जमाई षष्ठी  के दिन एक ही रात में लगातार तीन घरों में हुई इस चोरी से नूतनग्राम के निवासियों में भारी डर और रोष का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही रविवार को कालना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच जारी है।

जमाई षष्ठी के बारे में

हर साल ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि के दिन जमाई षष्ठी मनाया जाता है। यह त्यौहार मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल में मनाया जाता है। इस दिन सास-ससुर अपने जमाई यानी दामाद घर आमंत्रित करते हैं और उनका  सत्कार और सम्मान करते हैं। जमाई के लिए तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं। सास देवी षष्ठी की पूजा करके अपने जमाई या दामाद की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं।

(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ें-

जलपाईगुड़ी में बस और ट्रक की टक्कर में 6 की मौत, 29 घायल; CM ने मुआवजे का किया ऐलान

ममता की TMC का अब अल्पसंख्यक सेल भी टूटा! प्रदेश अध्यक्ष मोशरेफ हुसैन ने दिया पद से इस्तीफा