1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. दक्षिण सूडान में प्लेन क्रैश, विमान में सवार सभी 14 लोगों की मौत; कोई जिंदा नहीं बचा

दक्षिण सूडान में प्लेन क्रैश, विमान में सवार सभी 14 लोगों की मौत; कोई जिंदा नहीं बचा

दक्षिण सूडान में सोमवार को एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 13 यात्री और पायलट की मौत हो गई। विमान में सवार कोई भी व्यक्ति जिंदा नहीं बचा है।

साउथ सूडान में विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त।- India TV Hindi
Image Source : PEXELS/ REPRESENTATIVE IMAGE साउथ सूडान में विमान हुआ दुर्घटनाग्रस्त।

इस वक्त की बड़ी खबर दक्षिण सूडान से सामने आ रही है। यहां दक्षिण सूडान की राजधानी के बाहरी इलाके में सोमवार को एक सेस्ना विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 13 यात्री और पायलट की मौत हो गई। यह जानकारी देश के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने दी। प्राधिकरण ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि खराब मौसम के कारण कम दृश्यता होने से विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ होगा। अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार लोगों में दो केन्याई नागरिक थे, जबकि बाकी सभी दक्षिण सूडानी थे।

कम दृश्यता की वजह से हुआ हादसा

नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने जानकारी देते हुए बताया कि जुबा से लगभग 20 किलोमीटर (12 मील) दूर स्थित दुर्घटनास्थल पर सूचना जुटाने और आपातकालीन सेवाओं की सहायता के लिए एक टीम भेजी गई है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए दुर्घटनास्थल के वीडियो में विमान का मलबा आग की लपटों में घिरा दिखाई दे रहा है। वीडियो में स्थान पहाड़ी और धुंध भरा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मौके पर आपातकालीन सेवाएं भेज दी गई हैं और मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। मामले से जुड़ी अधिक जानकारी की प्रतिक्षा की जा रही है। 

दिल्ली एयरपोर्ट पर हादसा

बता दें कि हाल ही में एक अन्य हादसे में दिल्ली एयरपोर्ट से ज्यूरिख जाने के लिए 'स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स' के एक विमान को उड़ान भरने के दौरान तकनीकी खराबी के कारण रोका गया। विमान में 232 यात्री सवार थे। विमानन कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि छह यात्रियों को चिकित्सीय सहायता दी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, ए330 विमान से संचालित ज्यूरिख जाने वाली उड़ान एलएक्स147 के एक 'लैंडिंग गियर' की बाईं ओर से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद चालक दल ने उड़ान भरने की प्रक्रिया बीच में ही रोक दी और पूर्ण आपातकालीन प्रतिक्रिया शुरू कर दी गई।

यह भी पढ़ें-

ढाका में हिंदुओं की हत्याएं बढ़ने के बीच दिनेश त्रिवेदी को बनाया गया बांग्लादेश का अगला हाई कमिश्नर

Latest World News