Australia Attack On Indian: ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर भारतीय मूल के शख्स पर हमला हुआ है। यह हमला मेलबर्न में हुआ है। यहां भारतीय मूल के शख्स पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला किया है। हमला उस वक्त हुआ जब जब शख्स एक दवा की दुकान से घर लौट रहा था। द ऑस्ट्रेलियन टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, शख्स की पहचान सौरभ आनंद (33) के रूप में हुई है। चाकू से किए गए हमले में सौरभ का एक हाथ लगभग कट गया जिसे डॉक्टरों ने इलाज के दौरान जोड़ा। जिस शख्स पर हमला हुआ है वह एक छात्र है।
तलाशी लेने के बाद की पिटाई
पुलिस ने इस मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सौरभ 19 जुलाई की शाम करीब साढ़े सात बजे अल्टोना मीडोज स्थित सेंट्रल स्क्वायर शॉपिंग सेंटर की एक फार्मेसी से दवाइयां लेने गया था। वह अपने दोस्त से बात कर रहा था कि अचानक पांच युवकों ने उसे घेर लिया। पहले तो एक हमलावर सौरभ की तलाशी ली और फिर उसकी पिटाई करने लगे।
चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
पिटाई के दौरान एक आरोपी ने चाकू से सौरभ पर ताबड़तोड़ वार किए। पीड़ित का कहना है कि उसे जान से मारने के लिए गले पर वार करने की कोशिश की गई थी। सौरभ ने बताया कि उसने हाथ ऊपर उठा लिया जिसके चलते उसके गले पर वार नहीं हो पाया। इस दौरान हमलावरों ने उसके कंधे और पीठ पर भी चाकू से वार किया, जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है।
लोगों की मदद से बची जान
सौरभ ने बताया कि कुछ अजनबियों की मदद के चलते उनकी जान बच गई। तुरंत पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शुरू में सोचा कि हाथ काटना पड़ेगा। लेकिन, वो हाथ वापस जोड़ने में कामयाब रहे। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के अनुसार, इस हमले में शामिल पांच में से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पहले भी हुए हैं भारतीयों पर हमले
इस बीच यहां यह भी बता दें कि, पिछले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड शहर में भी एक भारतीय शख्स पर नस्लीय हमला हुआ था। पार्किंग विवाद के दौरान भारतीय व्यक्ति पर अज्ञात लोगों हमला किया था। नस्लीय हमले में भारतीय छात्र बुरी तरह घायल हो गया था। छात्र की पहचान चरणप्रीत सिंह के रूप में हुई थी जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थानीय मीडिया ने इस घटना के बारे में जानकारी दी थी।
यह भी पढ़ें:
ट्रंप की बच्चों वाली हरकत! अब भागते हुआ ओबामा का पुलिस वैन में पीछा करते हुए आए नजर; शेयर किया मीम
अमेरिका में 179 लोगों की बाल-बाल बची जान, फ्लाइट का लैंडिंग गियर फेल होने से रोकना पड़ा टेकऑफ, पिछले हिस्से में आग लगी
Latest World News