Canada Indian Student Murder: कनाडा में 21 वर्षीय भारतीय छात्रा हरसिमरत रंधावा की गोलीबारी की एक घटना में मौत होने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए शख्स पर हत्या का आरोप लगाया गया है। ‘सीबीसी न्यूज’ ने कार्यवाहक ‘डिटेक्टिव सार्जेंट’ डेरिल रीड के हवाले से एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि हैमिल्टन पुलिस ने ओंटारियो के नियाग्रा फॉल्स से मंगलवार को 32 वर्षीय आरोपी जेरडाइन फोस्टर को गिरफ्तार किया और उस पर हत्या करने के अलावा हत्या के प्रयास के तीन मामलों में भी आरोप लगाए।
फिजियोथेरेपी कोर्स कर रही थी छात्रा
हरसिमरत रंधावा मोहॉक कॉलेज में फिजियोथेरेपी कोर्स कर रही थी और सेकेंड ईयर की छात्रा थी। रंधावा को 17 अप्रैल को उस समय गोली लगी थी जब वह ‘अपर जेम्स स्ट्रीट’ और ‘साउथ बेंड रोड’ के चौराहे पर एक बस अड्डे के पास खड़ी थी। गोली लगने के बाद छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक, भारतीय छात्रा बस से उतरकर सड़क पार करने के लिए खड़ी थी तभी उसे गोली लग गई थी।
Image Source : apCanada Police
पुलिस ने क्या कहा?
‘सीबीसी न्यूज’ ने बताया कि चार कार में सवार कम से कम सात लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद के दौरान गोलीबारी हुई थी और इसी बीच एक गोली पास खड़ी हरसिमरत को लग गई। उसने रीड के हवाले से बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘हरसिमरत एक स्थानीय जिम से घर जा रही थी, तभी उसे गोली लग गई और उसकी मौत हो गई।’’ इस मामले में और किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। रीड ने कहा, ‘‘जांच अभी जारी है और हम इस मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान करने, उनका पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।’’
यह भी पढ़ें:
इजरायल के सुरक्षा मंत्रिमंडल ने लिया बहुत बड़ा फैसला, गाजा पर कब्जा करने की योजना को दी मंजूरी
Helicopter Crash: अमेरिका की मिसिसिपी नदी में क्रैश हुआ हेलीकॉप्टर, 2 लोगों की मौत
रूस और यूक्रेन के बीच जंग में आने वाला है बड़ा मोड़? जानें क्यों अहम होगा आने वाला सप्ताह
Latest World News