A
Hindi News विदेश अन्य देश ऑस्ट्रेलिया की गोलीबारी में बचे इंग्लैंड के पूर्व कप्तान, खुद बयां किया वो डरावना मंजर

ऑस्ट्रेलिया की गोलीबारी में बचे इंग्लैंड के पूर्व कप्तान, खुद बयां किया वो डरावना मंजर

सिडनी के बोंडी बीच पर हनुक्का के जश्न के दौरान हुई गोलीबारी में 11 लोगों की जान चली गई। इस हमले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान किसी तरह बच गए। उन्होंने उस शख्स की बहादुरी की तारीफ की जिसने आतंकी का सामना किया।

Michael Vaughan Bondi Beach- India TV Hindi Image Source : PTI (फाइल फोटो) ऑस्ट्रेलिया की गोलीबारी में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान की जान बच गई।

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में खुशियों की शाम पलभर में खौफ-मातम में तब्दील हो गई। बोंडी बीच पर मन रहा हनुक्का फेस्टिवल का जश्न उस समय गोलियों की गूंज से भंग हो गया, जब आतंकवादियों ने लोगों को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी। इस दहलाने वाले अटैक में 11 लोगों की मौत हो गई और कई लोग जख्मी हो गए। इत्तेफाक से जब गोलीबारी चल रही थी उस वक्त वहां इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन भी मौजूद थे। उन्होंने रेस्तरां में छिपकर अपनी जान बचाई। फायरिंग में जान बचने के बाद माइकल वॉन ने बताया कि वह मंजर कितना भयानक था। इसके साथ ही उन्होंने उस शख्स को भी सलाम किया जिसने आतंकी की बंदूक छीनी।

रेस्टोरेंट में बंद हो जाना बहुत डरावना था- वॉन

माइकल वॉन ने एक्स पर लिखा, ''बोंडी के एक रेस्टोरेंट में बंद हो जाना बहुत डरावना था। मैं अब सुरक्षित घर पहुंच गया हूं। इमरजेंसी सर्विस और आतंकवादी का सामना करने वाले शख्स का बहुत-बहुत धन्यवाद। इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।''

बहादुर, जिसने आतंकी से छीन ली बंदूक

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स बंदूकधारियों में से एक को पकड़ लेता है। फिर वह उसकी बंदूक छीन लेता है और इसके बाद वही हथियार उसके ऊपर तान देता है। मेलबर्न के रहने वाले 32 साल के चश्मदीद लाचलान मोरान के मुताबिक, वह पास ही में अपनी फैमिली का इंतजार कर रहे थे, तभी उनको गोलियों की आवाज सुनाई पड़ी। फिर सभी लोग भागने लगे। वे रो रहे थे। यह सब देखना बहुत भयानक था।

ऑस्ट्रेलियाई PM ने घटना पर जताया दुख

बोंडी बीच गोलीबारी पर ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज ने कहा कि उनकी संवेदनाएं सारे प्रभावित लोगों के साथ हैं। बोंडी बीच का मंजर चौंकाने वाला और दुखद है। पुलिस और इमरजेंसी डिपार्टमेंट के कर्मी मौके पर मौजूद हैं। वहीं, सिडनी पुलिस ने बताया कि यह हमला और बड़ा हो सकता था। जांच में संदिग्ध की कार मिली है। उसमें से आईईडी बरामद किए गए हैं।

ये भी पढ़ें- हमास अटैक झेला और अब ऑस्ट्रेलिया में सिर को छूकर निकली गोली, यहूदी नेता ने बताई चमत्कारिक रूप से बचने की कहानी

Latest World News