1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. G-7 देशों ने की पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा, पाकिस्तान का नैरेटिव हुआ ध्वस्त

G-7 देशों ने की पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा, पाकिस्तान का नैरेटिव हुआ ध्वस्त

भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। अब जी-7 देशों के विदेश मंत्रियों का साझा बयान भी सामने आया है, जिसमें सभी ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है।

'Operation Sindoor' को लेकर G-7 ने जारी किया बयान।- India TV Hindi
Image Source : FILE 'Operation Sindoor' को लेकर G-7 ने जारी किया बयान।

भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। पूरी दुनिया की निगाहें इस पूरी घटना पर बनी हुई हैं। दुनिया के ज्यादातर देशों ने आतंकियों की कायराना हरकत की निंदा की है। वहीं अब जी-7 देशों के विदेश मंत्रियों का साझा बयान भी सामने आया है, जिसमें सभी ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की है। इसके साथ ही उन्होंने भारत और पाकिस्तान से संयम बरतने का आग्रह किया है। 

पहलगाम हमले की कड़ी निंदा

जी-7 देशों के विदेश मंत्रियों ने साझा तौर पर बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है, "हम, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका के जी7 विदेश मंत्री और यूरोपीय संघ के उच्च प्रतिनिधि, 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं और भारत और पाकिस्तान दोनों से अधिकतम संयम बरतने का आग्रह करते हैं। आगे की सैन्य वृद्धि क्षेत्रीय स्थिरता के लिए एक गंभीर खतरा है। हम दोनों पक्षों के नागरिकों की सुरक्षा के लिए बहुत चिंतित हैं।"

शांति कायम करने की अपील

जारी बयान के मुताबिक जी-7 देशों ने आगे कहा, "हम तत्काल तनाव कम करने का आह्वान करते हैं और दोनों देशों को शांतिपूर्ण परिणाम की दिशा में सीधी बातचीत करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। हम घटनाओं पर बारीकी से नजर रखना जारी रखते हैं और एक त्वरित और स्थायी राजनयिक समाधान के लिए अपना समर्थन व्यक्त करते हैं।"

Image Source : India tVजी-7 ने जारी किया बयान।

भारत ने लॉन्च किया ऑपरेशन सिंदूर

बता दें कि इससे पहले भारत ने भी पाकिस्तान पर 06-07 मई की रात एयरस्ट्राइक की थी। भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादियों के 9 ठिकानों पर स्ट्राइक की। इसमें कई आतंकवादी भी मारे गए। भारत ने इस स्ट्राइक को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद का एक्शन बताया। इसके साथ ही भारत ने कहा कि इस हमले में पाकिस्तान के किसी भी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया और न ही किसी आम नागरिक को इससे क्षति पहुंची है। इसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया। 

यह भी पढ़ें- 

पाकिस्तान के रफीकी एयरबेस पर भी भारतीय हमले का किया गया दावा, 1965 में भी भारत ने बनाया था निशाना

पाकिस्तान आर्मी ने भारतीय हमले को लेकर क्या किया दावा! यहां सुनिए उसका पूरा बयान, फिर से दी गीदड़भभकी

Latest World News