रूस ने शनिवार रात यूक्रेन पर हाइपरसोनिक ओरेश्निक मिसाइल से हमला किया। यह मिसाइल न्यूक्लियर वॉरहेड ले जाने में सक्षम है और बेहद घातक है। इससे पहले भी रूस इस युद्ध में दो मौकों पर इस मिसाइल का इस्तेमाल कर चुका है। शुरुआत में यूक्रेन के राष्ट्रपति ने इस हमले की जानकारी दी। इसके बाद रूस की तरफ से भी पुष्टि की गई कि उसने यूक्रेन पर रात के दौरान हमलों में हाइपरसोनिक ओरेश्निक मिसाइल का इस्तेमाल किया।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को सोशल मीडिया मंच 'टेलीग्राम' पर एक पोस्ट में कहा कि रूस ने कीव पर बड़े पैमाने पर हमले में शक्तिशाली हाइपरसोनिक ओरेश्निक बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया। परमाणु या पारंपरिक युद्धक सामग्री ले जाने में सक्षम इस मिसाइल का यूक्रेन में तीसरी बार इस्तेमाल किया गया है। जेलेंस्की ने बताया कि रूस ने कीव क्षेत्र के बिला त्सेरक्वा शहर पर इस मिसाइल से हमला किया। उन्होंने बताया कि लक्ष्य का तुरंत पता नहीं चल पाया है।
रूसी हमले में 10 लोग घायल
रूस ने रविवार रात को यूक्रेन की राजधानी कीव पर मिसाइल और ड्रोन से भीषण हमला किया। इस हमले में शहर के बीच में स्थित सरकारी कार्यालय, आवासीय भवन और स्कूल के पास की इमारतें प्रभावित हुईं। स्थानीय अधिकारियों ने प्रारंभिक आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि इसमें कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं। रात भर हवाई हमले के सायरन बजते रहे और हमलों से समूचे कीव में धुआं उठता दिखा। 'एसोसिएटेड प्रेस' के पत्रकारों ने शहर के मध्य हिस्से में स्थित इमारतों और सरकारी भवनों के पास जोरदार धमाकों की आवाजें सुनीं। रविवार सूर्योदय तक हमला जारी था तथा कीव पर और अधिक मिसाइल एवं ड्रोन से हमले की आशंका है।
नौ जिलों में घरों को नुकसान
कीव के सैन्य प्रशासन प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने 'टेलीग्राम' पर एक पोस्ट में बताया कि राजधानी के कम से कम नौ जिलों में आवासीय भवनों सहित कई जगहों पर नुकसान हुआ है। मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि कीव के शेवचेंको जिले में एक स्कूल की इमारत पर हमला हुआ, जिसमें लोग शरण लिए हुए थे। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि कीव में सुपरमार्केट और गोदामों को भी नुकसान पहुंचा है। क्षेत्रीय गवर्नर मायकोला कलाश्निक के अनुसार, कीव क्षेत्र में कई समुदायों को नुकसान पहुंचा है।
यूक्रेन ने पहले ही दी थी चेतावनी
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिका और पश्चिमी देशों के अपने सहयोगियों से मिली खुफिया जानकारी का हवाला देते हुए चेतावनी दी थी कि रूस हाइपरसोनिक ओरेश्निक बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है। बाद में यूक्रेन की वायुसेना ने भी ओरेश्निक मिसाइल दागे जाने की चेतावनी दी। यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया कि रात भर हुए हमले में इस मिसाइल का इस्तेमाल किया गया था या नहीं। रूस ने पहली बार नवंबर 2024 में यूक्रेन के निप्रो शहर पर ओरेश्निक मिसाइल का इस्तेमाल किया था। दूसरी बार इसका इस्तेमाल जनवरी में पश्चिमी लवीव क्षेत्र में किया गया था।
यह भी पढ़ें-
ट्रंप ने दी बड़ी खुशखबरी- ईरान के साथ समझौता लगभग तय, खुलेगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज
पाकिस्तान के क्वेटा में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका, 24 की मौत, 50 से अधिक घायल
Latest World News