बेरूत: इस्लामिक स्टेट समूह के अलेप्पो प्रांत की तरफ बढ़ने से तुर्की से लगते सीरिया की सीमा के पास करीब एक लाख लोग फंसे हुए हैं। यह जानकारी मानवाधिकार संगठनों और कार्यकर्ताओं ने दी। आईएस विद्रोही दो शहरों की तरफ बढ़ रहे हैं जबकि उसे अपने क्षेत्र राका प्रांत में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अजाज से पत्रकार मामून खतीब ने एएफपी को बताया कि आईएस लड़ाकों ने तुर्की की सीमा के नजदीक अजाज शहर और मारेया के बीच एक सड़क को काट दिया। खतीब ने कहा, यह खतरनाक है। उन्होंने कहा कि मारेया में करीब 15 हजार लोग घिरे हुए हैं।
तुर्की की सीमा के नजदीक अनौपचारिक शिविरों में रह रहे हजारों विस्थापित सीरियाई नागरिक की जिंदगी खतरे में है। डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स :एमएसएफ: के क्षेत्रीय संचालन प्रबंधक पाब्लो मारको ने कहा, हम काफी चिंतित हैं... करीब एक लाख लोग तुर्की की सीमा और सक्रिय अग्रिम पंक्तियों के बीच फंसे हुए हैं।
एमएसएफ ने कहा कि अग्रिम पंक्ति से कुछ दूरी पर स्थित सलामा में वे एक अस्पताल से रोगियों और कर्मचारियों को बाहर निकाल रहे हैं। मारको ने कहा, लोगों को भागने के लिए कोई जगह नहीं है क्योंकि लड़ाई अब और निकट हो गई है। ह्यूमन राइट्स वाच के गैरी सिम्पसन ने कहा कि बंद सीमा के नजदीक फंसे सीरियाई नागरिकों की संख्या लगभग एक लाख 65 हजार है।
Latest World News