इस्लामाबाद: गुजरे जमाने के दिग्गज क्रिकेटर और वर्तमान में राजनेता इमरान खान की तीसरी शादी संबंधी गलत खबरों को प्रसारित करने के कारण पाकिस्तान में मीडिया की निगरानी करने वाली संस्था ने 13 टीवी चैनलों पर 5-5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। पाकिस्तान के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया नियामक प्राधिकरण (पीईएमआरए) ने इमरान खान की पॉलिटिकल पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की ओर से की गई शिकायत के बाद शनिवार को 13 टीवी चैनलों पर जुर्माना लगाया।
अधिकारी के मुताबिक पीटीआई ने अपनी शिकायत वापस ले ली थी, लेकिन इसके बाद भी पीईएमआरए ने जुर्माना लगाने का निर्णय किया क्योंकि इस प्रकार की गलत खबरें नियामक की ओर से चैनल मालिकों को जारी किए गए टीवी चैनल लाइसेंस की भावना के खिलाफ हैं। पीईएमआरए ने यह भी कहा कि टीवी चैनलों पर जुर्माना लगाने के निर्णय का उद्देश्य पत्रकारिता के मानकों को कायम रखना है।
गौरतलब है कि इन टीवी चैनलों ने 12 जुलाई को लंदन में 63 वर्षीय खान की तीसरी शादी से संबंधित खबरों को कई बार प्रसारित किया था। पीटीआई की ओर से इन खबरों की स्पष्ट अस्वीकृति के बावजूद भी यह चैनल उस खबर को बार-बार दिखाते रहे। इसके बाद पीटीआई ने 13 जुलाई को इन चैनलों के खिलाफ शिकायत की। हालांकि पार्टी ने चैनलों की ओर से बिना शर्त माफी मांगने के बाद 26 अगस्त को दुनिया टीवी को छोड़कर बाकी सभी चैनलों के खिलाफ की गई अपनी शिकायत वापस ले ली।
पीईएमआरए ने मीडिया घरानों को जुर्माना नहीं भरने की सूरत में उनके टीवी चैनल का लाइसेंस रद्द करने की भी चेतावनी दी है। पीईएमआरए ने एक बयान में कहा,’यह इंसाफ के बुनियादी सिद्धान्तों के खिलाफ है। पत्रकारिता के मानकों को बरकरार रखने के लिए आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले सभी टीवी चैनलों को सजा दी जाएगी।’
पीटीआई के केंद्रीय मीडिया विभाग की ओर से की गयी शिकायत के बाद पीईएमआरए की शिकायत परिषद् ने इस मसले पर चर्चा की थी। इसके बाद पीईएमआरए की परिषद् ने सभी 13 चैनलों पर 5-5 लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने की सिफारिश की। जिन चैनलों पर जुर्माना लगाया गया है उनमें दुनिया न्यूज, जिओ न्यूज, नियो न्यूज, रॉयल न्यूज, खैबर न्यूज, चैनल-24, चैनल-92, न्यूजवन, सच टीवी, रोजे न्यूज, चैनल-5 और जिओ तेज टीवी चैनल शामिल हैं।
Latest World News