काबुल: अफगानिस्तान में पाकिस्तान से लगते एक पूर्वी प्रांत में दो अलग-अलग ड्रोन हमलों में आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट समूह (ISIS) से जुड़े 20 आतंकवादी मारे गए हैं।
नंगरहार प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता अहमद जिया अब्दुलजई ने कहा कि हमले कल हुए।
उन्होंने कहा कि दोनों हमले सीमा के पास हस्का मीना जिले में हुए। उन्होंने कहा कि यह जिला पाची अगाम जिले से लगा हुआ है जहां ISIS आतंकवादी सक्रिय हैं।
अफगानिस्तान में अमेरिकी सेना की ओर से जारी बयान में नंगरहार में हमले की पुष्टि की गई। बयान में कहा गया कि हमला उन लोगों के खिलाफ किये गए जो बल को खतरा उत्पन्न कर रहे थे।
अब्दुलजई ने कहा कि कोई भी नागरिक हताहत नहीं हुआ। पिछले दिनों मीडिया की सुर्खियों में यह छाया हुआ था कि ISIS धीरे-धीरे अफगानिस्तान, पाकिस्तान और भारत में भी प्रभाव बढ़ाने की योजना पर काम कर रहे हैं।
Latest World News