काठमांडू: नेपाल के दक्षिण-पश्चिम में स्थित चितवन जिले में एक बस के हाइवे से फिसल कर नदी में गिर जाने से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। शुक्रवार को हुई इस दुर्घटना में मरने वालों में एक महिला भी शामिल है।
चितवन के पुलिस अधीक्षक बसंत कुंवर के हवाले से काठमांडू पोस्ट की खबर में बताया गया है कि यहां रौताहाट जिले में गौड़ से पोखरा की ओर जा रही एक यात्री बस त्रिशूली नदी में जा गिरी। नदी में गिरने के साथ ही बस नदी में डूबने लगी और यात्री बाहर निकलने के लिए हाथ-पांव मारने लगे। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग घायलों को बचाने में लग गए और सफलतापूर्वक कुछ जिंदगियों को बचाने में कामयाबी पाई।
बाद में पुलिस ने पानी में डूब गई बस में से कई शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायलों को जिले में भरतपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। लापता लोगों को तलाश करने का अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों का भी अभी तक पता नहीं चल सका है।
नेपाल में सड़क हादसों के लिए आमतौर पर वाहनों और उनके रख-रखाव की खराब स्थिति के साथ-साथ दोयम दर्जे की सड़कों को जिम्मेदार ठहराया जाता है। पिछले सप्ताह मध्य नेपाल में लोगों से भरी एक बस के सड़क के किनारे फिसल कर 300 मीटर गहरी खाई में गिर जाने के कारण 31 लोगों की मौत हो गई थी।
Latest World News