ढाका: बांग्लादेश के पश्चिम में भारत से सटी सीमा पर आठ अग्यात व्यक्तियों ने 3 सूफी मुस्लिमों पर हमला किया और उनके बाल काट दिए। दो सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरी घटना है। इससे पहले इसी तरह का हमला 17 जुलाई को दो महिलाओं सहित तीन गायकों पर किया गया था जिसमें तीनों घायल हो गए थे।
पुलिस ने बताया कि जिले के दामुरहुदा उपजिले में आज तड़के अखरा में अग्यात व्यक्तियों ने हमला किया। हमलावरों ने जुलमोत अली शाह, उनकी पत्नी मोमेना खातून और अन्य व्यक्ति हरेन्द्रनाथ को पेड़ से बांध दिया और प्रताडि़त किया।
जुलमोत ने बताया हथियार और देशी बम लिए आठ से दस व्यक्तियों ने मकान पर हमला किया। तब हम सो रहे थे। उन्होंने बिजली काटी, हम तीनों को दो पेड़ों से बांधा और हमें बुरी तरह प्रताडि़त किया। जाते समय हमलावरों ने दोनों मकानों में पेट्रोल डाल कर आग लगा दी।
ढाका ट्रिब्यून ने जुलमोत को यह कहते हुए उद्धृत किया है उन्होंने हमें दस दिन के अंदर यहां से चले जाने को कहा है अन्यथा वह हमे मार डालेंगे और मकान को बम से उड़ा देंगे। हमले के दौरान मकान से भाग निकले आठ साल के लड़के ने बाद में उनकी रस्सियां खोली और स्थानीय लोगों को बुलाया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
Latest World News