बेरूत: तुर्की की ओर से सीरिया में की गई गोलाबारी और हवाई हमलों में रविवार को कम से कम 35 नागरिकों की मौत हो गई, वहीं दर्जनों अन्य घायल हो गए। तुर्की के इस्लामिक स्टेट समूह के जिहादियों और कुर्द मिलिशिया के खिलाफ क्रॉस बॉर्डर हमले के पांचवें दिन यह हुआ है।
सीरिया की लड़ाई पर नजर रख रहे सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के रामी अब्दुल रहमान ने कहा कि दक्षिण जारबुलुस के एक गांव जेब अल कुस्सा में रविवार सुबह तुर्की की ओर से की गई गोलाबारी और हवाई हमलों में कम से कम 20 नागरिक मारे गए और 50 अन्य जख्मी हो गए। ब्रिटेन आधारित समूह ने कहा कि बमबारी में 4 स्थानीय लड़ाके भी मारे गए हैं।
ग्रुप ने यह भी रिपोर्ट दी है कि जारबुलुस के दक्षिण में अल-अमरन्ह शहर के पास तुर्की के विमानों की बमबारी में अन्य 15 नागरिक मारे गए हैं और 25 जख्मी हुए जिनमें से कई की हालात गंभीर है। सीरिया में यूफ्रेट्स शील्ड शुरू करने के बाद तुर्की की सेना को कल पहली बार जान का नुकसान झेलना पड़ा, जिसके बाद यह मौतें हुई हैं।
ऑब्जर्वेटरी ने कहा कि बमबारी जारबुलुस के दक्षिण के एक इलाके में हुई जो पहले इस्लामिक स्टेट समूह का गढ़ था, जिसे तुर्की की अगुवाई वाले बलों ने हमले के पहले दिन कब्जे में ले लिया था। इस मसले पर और कोई जानकारी सामने नहीं आई है। इससे पहले तुर्की के अधिकारियों ने साफ कर दिया था कि वे कुर्दिश लड़ाकों को किसी भी कीमत पर तुर्की के बॉर्डर के और नजदीक नहीं आने देंगे।
Latest World News