काबुल: अफगानिस्तान के दक्षिणी कंधार प्रांत में सड़क किनारे रखे एक बम की चपेट में एक वाहन के आ जाने पर उसमें सवार कम से कम पांच नागरिकों की मौत हो गई। गवर्नर के प्रवक्ता समीम खपोलवाक ने बताया कि विस्फोट कल सुबह शाह वली कोट जिले में हुआ। इसमें चार लोग घायल भी हुए हैं।
किसी आतंकवादी संगठन ने नहीं ली वारदात की ज़िम्मेदारी
बहरहाल, किसी भी संगठन ने अब तक इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। पड़ोसी हेलमंड प्रांत में पुलिस प्रमुख नूर आगा केमतोज ने बताया कि तालिबान के शैडो गवर्नर अब्दुल मानन को अफगान सुरक्षा बलों ने कल मारजा शहर में मार गिराया, हालांकि, तालिबान प्रवक्ता क्वेरी युसूफ अहमदी ने मानन की मौत की खबर को खारिज कर दिया है।
अफग़ान शांतिवार्ता में बाधक मुल्ला मंसूर अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया था
इससे पहले अफगान तालिबान के प्रमुख मुल्ला मंसूर की 21 मई को देर रात पाकिस्तान में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे जाने की खबर थी। एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार ये हमला पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा के दूरवर्ती क्षेत्र में किया गया था। एक अधिकारी का कहना था कि ये हवाई हमले मंसूर को निशाना बनाकर किए गए थे। समाचारों के अनुसार इस हमले में मंसूर के साथ वाहन में सवार एक अन्य शख्स भी मारा गया था।
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने की थी हमले की पुष्टि
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने भी बयान जारी करके हवाई हमले की पुष्टि की थी। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के प्रेस सचिव पीटर कुक ने जारी बयान में कहा था, "मंसूर तालिबान का नेता रहा है और वह काबुल सहित पूरे अफगानिस्तान में आतंकवादी हमलों की योजना बनाने में सक्रिय रूप से शामिल रहा है, जो अफगानिस्तान के नागरिकों, सुरक्षाबलों, हमारे सुरक्षाकर्मियों और गठबंधन सहयोगियों के लिए खतरा बना रहा।" बयान के मुताबिक, "मंसूर अफगानिस्तान सरकार और तालिबान के बीच शांति एवं सुलह प्रक्रिया में बाधक रहा है। वह तालिबान के नेताओं को अफगानिस्तान सरकार के साथ शांति वार्ता में शामिल होने से रोकता रहा।"
Latest World News