लाहौर: पाकिस्तान के पंजाब सूबे में आज सुरक्षाबलों ने एक बड़े आतंकवादी हमले के प्रयास को नाकाम करते हुए सात आतंकवादियों को मार गिराया। ये सभी सूबे के एक अहम सरकारी प्रतिष्ठान पर हमला करने की साजिश रच रहे थे। पाकिस्तान की पंजाब पुलिस के आतंकवाद रोधी विभाग (CTD) के मुताबिक, उसे यह सूचना मिली थी कि करीब 10-12 आतंकवादी यहां स्थित एक संवेदनशील प्रतिष्ठान एवं कानून प्रवर्तन एजेंसियों पर हमले की साजिश रच रहे हैं।
CTD ने कहा, पुलिस कमांडो के साथ (CTD) की एक टीम ने आज तड़के लाहौर से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित चक चार रसाला शेखपुरा जिले में एक घर पर छापा मारा। टीम ने उन्हें आत्मसमर्पण करने को कहा। उन्होंने कहा, लेकिन इसके बजाय आतंकियों ने छापा मारने गई सुरक्षाबलों की टीम पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। जवाबी गोलीबारी में सात आतंकवादी मारे गए।
शेष तीन आतंकवादी वहां से भागने में सफल रहे। इन आतंकवादियों के ठिकाने से विस्फोटक, हथगोले, बड़ी मात्रा में गोलियां, तीन मोटरसाइकिल और संवेदनशील इमारत का मानचित्र बरामद हुआ है। सीटीडी ने इन आतंकवादियों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे किस संगठन से जुड़े थे ।
Latest World News