1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अशरफ गनी ने पाकिस्तान से तालिबान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

अशरफ गनी ने पाकिस्तान से तालिबान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि अगर वह तालिबान के खिलाफ कार्रवाई से इंकार करता है तो उसे कूटनीतिक प्रतिशोध का सामना करना पड़ सकता है।

ASHRAF GHANI- India TV Hindi
ASHRAF GHANI

काबुल: अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि अगर वह तालिबान के खिलाफ कार्रवाई से इंकार करता है तो उसे कूटनीतिक प्रतिशोध का सामना करना पड़ सकता है। राजधानी काबुल में तालिबान के एक हमले में 64 लोगों के मारे जाने और करीब 350 अन्य लोगों के घायल हो जाने के एक सप्ताह बाद अशरफ गनी ने सोमवार को संसद में एक संबोधन में यह बयान दिया।

उन्होंने कहा, मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि हम पाकिस्तान से अब इसकी उम्मीद नहीं करते हैं कि वह तालिबान को बातचीत की मेज पर लाएगा। परंतु हम चाहते हैं कि पाकिस्तान अपना वादा पूरा करे और अपने यहां की पनाहगाहों और तालिबान के नेतृत्व के खिलाफ कार्रवाई करे। अगर वे उनको निशाना नहीं बना सकते तो उन्हें हमारी न्यायपालिका के सुपुर्द करना देना चाहिए।

गनी ने कहा, अगर हम अपने गंभीर प्रयासों के बावजूद कोई बदलाव नहीं देखते हैं तो हम संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का रूख करने और गंभीर कूटनीतिक प्रयास करने को विवश होंगे। अफगान अधिकारी लंबे समय से पाकिस्तान पर तालिबान को लेकर आंख बंद रखने का आरोप लगा रहे हैं। माना जाता है कि तालिबान नेतृत्व सीमा से लगे पाकिस्तान के कबायली इलाकों में छुपे हुए हैं।

गनी ने कहा कि अच्छा या बुरा आतंकवादी नहीं होता, वे केवल आतंकवादी हैं, और पाकिस्तान को यह बात समझनी चाहिए और उनके खिलाफ कार्रवाई करे। हाल के महीनों में अफगानिस्तान, पाकिस्तान, चीन और अमेरिका ने काबुल और तालिबान के बीच शांति वार्ता को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया है लेकिन इसमें ज्यादा प्रगति नहीं हुई है।

Latest World News