1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. मोर्चा छोड़ कर भागे अफगान सैनिक, उत्तरी अफगानिस्तान के कई जिलों पर तालिबान का कब्जा

मोर्चा छोड़ कर भागे अफगान सैनिक, उत्तरी अफगानिस्तान के कई जिलों पर तालिबान का कब्जा

उत्तरी अफगानिस्तान में अफगान सैनिकों के मोर्चा छोड़कर भागने के बाद वहां तालिबान की गतिविधियां तेज हो गयी हैं और रातों-रात उसने कई जिलों पर अपना नियंत्रण कर लिया है।

मोर्चा छोड़ कर भागे अफगान सैनिक, उत्तरी अफगानिस्तान के कई जिलों पर तालिबान का कब्जा- India TV Hindi
Image Source : AP मोर्चा छोड़ कर भागे अफगान सैनिक, उत्तरी अफगानिस्तान के कई जिलों पर तालिबान का कब्जा

काबुल: उत्तरी अफगानिस्तान में अफगान सैनिकों के मोर्चा छोड़कर भागने के बाद वहां तालिबान की गतिविधियां तेज हो गयी हैं और रातों-रात उसने कई जिलों पर अपना नियंत्रण कर लिया है। इस आशय की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने रविवार को बताया कि सैकड़ों की संख्या में अफगान सैनिक सीमा पार करके ताजिकिस्तान में चले गए हैं। 

ताजिकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा पर स्टेट कमेटी द्वारा जारी बयान के अनुसार, तालिबान लड़ाकों के सीमा की ओर बढ़ने के बीच 300 से ज्यादा अफगान सैनिकों ने अफगानिस्तान के बड़ाखशान प्रांत से देश की सीमा में प्रवेश किया। अफगान सैनिकों ने स्थानीय समयानुसार शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे सीमा पार की। 

बयान के अनुसार, ‘‘मानवता और अच्छे पड़ोसी होने के सिद्धांत से प्रेरित होकर’’ ताजिक अधिकारियों ने पीछे हट रहे अफगान नेशनल डिफेंस एंड सिक्योरिटी फोर्सेज को ताजिकिस्तान की सीमा में प्रवेश करने दिया। 

अप्रैल के मध्य में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा अफगानिस्तान में चल रहे ‘अंतहीन’ युद्ध को समाप्त करने की घोषणा किए जाने के बाद से ही तालिबान ने पूरे देश में अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। 

चरमपंथी समूह को सबसे ज्यादा लाभ देश के उत्तरी भाग में हुआ है, जो अमेरिका समर्थित उन लड़ाकों का गढ़ था जिसने 2001 में उसे (तालिबान को) हराने में मदद की थी। अफगानिस्तान के 421 जिलों और जिला केन्द्रो में से एक तिहाई पर फिलहाल तालिबान का नियंत्रण है।

Latest World News