1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अफगानिस्तान: 34 आतंकी मारे गए, इस्लामिक स्टेट का रेडियो स्टेशन ध्वस्त

अफगानिस्तान: 34 आतंकी मारे गए, इस्लामिक स्टेट का रेडियो स्टेशन ध्वस्त

अफगानिस्तान के पूर्वी नांगरहर प्रांत में एक अभियान के दौरान अफगान वायुसेना ने 34 आतंकवादियों को मार गिराया और आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) की सामग्री का प्रसारण करने वाले एक रेडियो स्टेशन को नष्ट कर दिया।

Representational Image | AP Photo- India TV Hindi
Representational Image | AP Photo

काबुल: अफगानिस्तान के पूर्वी नांगरहर प्रांत में एक अभियान के दौरान अफगान वायुसेना ने 34 आतंकवादियों को मार गिराया और आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) की सामग्री का प्रसारण करने वाले एक रेडियो स्टेशन को नष्ट कर दिया। 

खामा प्रेस ने आतंरिक मंत्रालय (MOI) के एक बयान के हवाले से कहा, ‘पूर्वी नांगरहर प्रांत के नाजियन और अचिन जिलों में आतंकवादी ठिकानों पर अफगान वायु सेना के हमले में बीते 24 घंटे में 34 IS आतंकवादी मारे गए और इस समूह द्वारा चलाए जा रहे एक रेडियो स्टेशन को नष्ट कर दिया गया।’ इसमें यह भी कहा गया है कि यह स्टेशन नांगरहर में अवैध रूप से चलाया जा रहा था। यह समूह के कट्टरवादी संदेश फैला रहा था और लोगों को धमकी जारी कर रहा था। बयान में कहा गया, ‘अफगान नेशनल डिफेंस और सुरक्षा बलों ने आतंकवाद रोधी अभियान चलाया है ताकि आतंकवादी समूहों की आतंकी गतिविधियों को दबा दिया जाए।’

यह IS वफादारों का पहला रेडियो स्टेशन नहीं है जिसे आतंकवाद रोधी अभियान में नष्ट किया गया है। बीते साल समूह के एक और रेडियो स्टेशन को मध्य जुलाई में इसी तरह के एक अभियान में नष्ट किया गया था। नांगरहर पूर्वी अफगानिस्तान के अपेक्षाकृत शांत प्रांतों में से है, लेकिन सरकार विरोधी आतंकवादी समूहों ने हाल के सालों में प्रांत के कुछ इलाकों में अपनी विद्रोही गतिविधियों को बढ़ा दिया है। अफगान और अमेरिकी बल, दोनों प्रांत में आतंकी समूह के वफादारों के खिलाफ नियमित तौर पर हमले करते रहते हैं।

Latest World News