इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने तालिबान प्रमुख मुल्ला अख्तर मंसूर के मारे जाने की आज पुष्टि की। मंसूर पांच दिन पहले बलूचिस्तान प्रांत में तब एक अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया था, जब वह एक फर्जी नाम और फर्जी पहचानपत्र पर यात्रा कर रहा था।
पाक प्रधानमंत्री के सलाहकार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के सलाहकार सरताज अजीज ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, सभी संकेतकों से इसकी पुष्टि होती है कि ड्रोन हमले में मारा गया व्यक्ति मुल्ला अख्तर मंसूर ही था जो एक फर्जी पहचानपत्र पर यात्रा कर रहा था। डीएनए परीक्षण रिपोर्ट जल्द ही उपलब्ध होगी।
अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया था आतंकी सरगना मंसूर
करीब 55 वर्षीय मंसूर को बलूचिस्तान के नोशकी जिले में 21 मई को अमेरिका के विशेष बलों द्वारा संचालित एक ड्रोन विमान से तब निशाना बनाया गया जब वह एक किराये की कार में क्वेटा की ओर सफर कर रहा था। अजीज ने कहा कि वे डीएनए जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। डीएनए रिपोर्ट मिलने तक शव नहीं सौंपा जाएगा।
शुरू में पाकिस्तान ने नहीं की मुल्ला मंसूर के मारे जाने की पुष्टि
पाकिस्तान इससे पहले मुल्ला मंसूर के मारे जाने की पुष्टि करने को लेकर अनिच्छुक था। गत मंगलवार को पाकिस्तान के गृह मंत्री चौधरी निसार अली खान ने कहा था कि अफगान सीमा के पास पाकिस्तानी जमीन पर मिला शव पहचान करने लायक नहीं है।
अजीज ने पाकिस्तान में घुसकर मंसूर को मारने को बताया देश की संप्रभुता का उल्लंघन
अजीज ने कहा कि ड्रोन कार्रवाई पाकिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन है। साथ ही यह देशों के आचरण को संचालित करने वाले संयुक्त राष्ट्र के घोषणापत्र का भी उल्लंघन है। अजीज ने कहा, हमने इस मुद्दे पर अमेरिका को अपनी गंभीर चिंताओं से अवगत करा दिया है। अजीज की टिप्पणी तब आयी है जब अफगान तालिबान ने कल मुल्ला मंसूर के मारे जाने की घोषणा की और मुल्ला हैबतुल्ला अखुंदजदा को समूह का नया प्रमुख नियुक्त किया।
Latest World News