दमिश्क: सीरिया के उत्तरी भाग में स्थित प्रमुख शहर अलेप्पो में खतरनाक जंग चल रही है। ताजा खबरों के मुताबिक रविवार को लगातार तीसरे दिन हुए हवाई हमलों में अबतक 24 की मौत हो चुकी है जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। वहीं, सरकारी नियंत्रण वाले क्षेत्र में विद्रोहियों की ओर से की गई गोलीबारी में कम से कम 10 लोगों के मारे जाने की खबर है।
विरोधी कार्यकर्ताओं के संगठन 'अलेप्पो मीडिया सेंटर' के मुताबिक हवाई हमलों में शनिवार को कम से कम 45 लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों घायल हो गए। वहीं, ब्रिटेन स्थित सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स का कहना है कि अलेप्पो और इदलिब में कुल 69 लोगों की मौत हुई है जिनमें 13 बच्चे भी शामिल हैं। ऑब्जर्वेटरी के मुताबिक अलेप्पो में 30 जबकि इदलिब में 39 लोगों की मौत हुई है।
कभी सीरिया की आर्थिक राजधानी रहा अलेप्पो 2012 से ही सरकारी बलों और उग्रवादियों की लड़ाई के बीच में फंसा हुआ है। शहर के पूर्वी भाग पर उग्रवादियों का कब्जा है, लेकिन सरकार ने पश्चिमोत्तर जाने वाले एक छोटे से रास्ते को छोड़ कर चारों ओर के अन्य रास्ते बंद कर दिए हैं जिसके चलते उग्रवादियों पर भारी तनाव है।
Latest World News