ढाका: दक्षिण मध्य बांग्लादेश में बुधवार को खचाखच भरी एक नौका के पलट जाने से 5 महिलाओं एवं एक बच्चे समेत कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लापता हैं। पुलिस ने बताया कि यह नौका बड़ीसाल जिले के बनारीपाड़ा उपजिले में संध्या नदी में डूब गयी। उस पर 50 से अधिक लोग सवार थे और नदी में तेज धार थी।
देश-विदेश की ताजा खबरे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सहायक पुलिस अधीक्षक मुतल्लब हुसैन ने कहा, ‘अबतक 5 महिलाओं और एक नाबालिग समेत 13 लोगों के शव बरामद हुए हैं।’ एक अन्य अधिकारी ने कहा कि डूबी नौका के कई यात्री अब भी लापता हैं। उन्होंने बताया कि अग्निशमन सेवा के गोताखोर पुलिस और आसपास के इलाकों के लोगों की मदद से बचाव प्रयासों में जुटे हैं। अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बातया कि उनके गोताखोरों ने डूबी नौका का पता लगा लिया है तथा वे और शवों को ढूढने की तैयारी में जुटे हैं जो डूबी नौका में फंसे हो सकते हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘करीब 25 यात्री बचा लिए गए या वे तैर कर तट पर पहुंच गए क्योंकि नौका एक टर्मिनल के पास डूबी।’ बांग्लादेश में नौका दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं जहां 300 से अधिक नदियां हैं और वे मॉनसून के दौरान उफान पर होती हैं। पिछले साल फरवरी में मध्य बांग्लादेश में एक नौका हादसे में 69 लोगों की जान चली गई थी।
Latest World News