मक्का: सउदी अरब में ब्रिटेन के राजदूत सिमन पॉल कॉलिस ने इस साल इस्लाम स्वीकार करने के बाद हज भी किया है। सिमन कॉलिस उन 19,000 ब्रिटिश तीर्थयात्रियों में से एक थे जिन्होंने इस साल हज किया। सउदी अरब की महिला अधिकार कार्यकर्ता फौजिया अल-बक्र ने कॉलिस और उनकी पत्नी हुदा मुजरकेक की तस्वीरें पोस्ट की हैं।
फौजिया के जवाब में ब्रिटिश राजदूत ने भी उन्हें ट्वीट कर धन्यवाद कहा है। राजदूत की पत्नी ने अल-बक्र की पोस्ट को रीट्वीट किया। अरब न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा, ’30 साल से मुसलमानों के साथ रहने के बाद, और हुदा से शादी करने के ठीक पहले मैंने भी इस्लाम अपना लिया है।’
ब्रिटिश न्यूजपेपर ‘द सन’ ने भी राजदूत के इस्लाम स्वीकार कर लेने की स्टोरी को कवर किया है। इस अखबार ने भी अरब मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला दिया है। कॉलिस पांच बच्चों के पिता हैं और पिछले साल जनवरी से ही सउदी अरब में ब्रिटेन के राजदूत हैं। कॉलिस की एक खासियत यह भी है कि वह धाराप्रवाह अरबी बोल लेते हैं। उन्हें सर जॉन जेनकिंस के रिटायर होने के बाद नियुक्त किया गया था।
उन्होंने ब्रिटिश फॉरेन ऐंड कॉमनवेल्थ ऑफिस (FCO) को 1978 में ही जॉइन कर लिया था और कई अरब देशों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी पहली पोस्टिंग बहरीन में सेकंड सेक्रेटरी के तौर पर हुई थी। उसके बाद वह इराक में ब्रिटिश राजदूत और दुबई तथा बसरा में कांसल-जनरल के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह 1991-94 तक दिल्ली में भी फर्स्ट सेक्रेटरी के तौर पर काम कर चुके हैं।
Latest World News