दमिश्क: सीरिया में मौजूदा समय में लागू आंशिक संघर्षविराम के बावजूद अलेप्पो शहर में सुरक्षाबलों एवं इस्लामी गुटों के बीच बमबारी और झड़पें हुई हैं। समाचार एजेंसी 'एफे' के अनुसार, सीरिया ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यमून राइट्स (एसओएचआर) ने सोमवार को कहा कि जंगी विमानों ने सोमवार सुबह बुस्तान अल-कासर, बेनी जैद और राशिदीन के पड़ोसी इलाकों में हमले किए, जबकि सशस्त्र समूहों ने सरकार के नियंत्रण वाले अल-हमदानिया में रॉकेट दागे।
फाइटर प्लेन्स ने की खान अल-असल और कफ्र नाहा शहर पर बमबारी
बुस्तान अल-कासर और अल-मशरिका के इलाकों में भी दोनों पक्षों के बीच झड़पें हुईं। इस बीच, सैन्य विमान ने पश्चिमी अलेप्पो के खान अल-असल और कफ्र नाहा शहर में भी बमबारी की। सेना ने खान तुमन और इसके आसपास के इलाकों पर भी हमले किए, जिसे पिछले सप्ताह अलकायदा की सीरिया शाख, नुसरा फ्रंट व इसके सहयोगियों ने सेना से अपने कब्जे में ले लिया था।
आंशिक संघर्षविराम के बावजूद रविवार को 90 से ज़्यादा बम हमले
एसओएचआर की ओर से कहा गया है कि स्थानीय लोग रविवार सुबह से 90 से ज्यादा बम हमले झेल चुके हैं। ये हमले अलेप्पो में लागू आंशिक संघर्षविराम के बावजूद हो रहे हैं, जो पांच मई को शुरू हुआ था और जिसे हिसा रोकने के लिए दो दिन पहले अगले 72 घंटों के लिए बढ़ा दिया गया था। पिछले दो सप्ताहों में संघर्ष में 285 नागरिकों की मौत हो चुकी है।
Latest World News