यरूशलम: चीन के मध्य में स्थित हेनान प्रांत में एक रासायनिक संयंत्र में सिंथेटिक अमोनिया का रिसाव होने के बाद 41 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जिनमें से पांच की हालत गंभीर है। हेनान झोंगहोंग कोल कैमिकल कंपनी से कल दरार वाले एक पाइप से करीब 300 किग्रा सिंथेटिक अमोनिया का रिसाव हो गया। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की आज की खबर में बताया गया है कि दुर्घटना स्थल के समीप रहने वाले कुल 154 निवासियों को अस्पताल भेजा गया है। 41 लोगों को निगरानी में रखा गया है जिनमें से पांच की हालत गंभीर है।
सरकार ने बताया कि दुर्घटना स्थल के समीप हवा में अमोनिया की जो मात्रा पाई गई है वह मानक स्तर के दायरे में है। संयंत्र में कामकाज फिलहाल रोक दिया गया है। चीन में कार्य स्थल पर सुरक्षा संबंधी समस्याओं के चलते कई हादसे हुए हैं। अगस्त में उत्तरी बंदरगाह शहर तियानजिन में रसायनों के एक गोदाम में आग लगने और विस्फोट होने से 165 लोग मारे गए थे और आठ लोग लापता हो गए थे जिनका अब तक कोई पता नहीं चल पाया। यह चीन का सर्वाधिक भयावह औद्योगिक हादसा था। वर्ष 2013 में पूर्वी बंदरगाह शहर किंगदाओ में एक गैस लाइन फट जाने से विस्फोट हो गया था और 62 लोगों की जान चली गई थी।
Latest World News