1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन ने सभी जमीनी बलों को नए लड़ाकू हेलीकॉप्टरों से लैस किया

चीन ने सभी जमीनी बलों को नए लड़ाकू हेलीकॉप्टरों से लैस किया

चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने अपने सभी जमीनी बलों को आधुनिक डब्ल्यूजेड-10 लड़ाकू हेलीकॉप्टरों से लैस किया है जिनका प्रयोग युद्धक टैंकों को निशाना बनाने और हवा से हवा में मार करने के लिए किया जाएगा।

china- India TV Hindi
china

बीजिंग: चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने अपने सभी जमीनी बलों को आधुनिक डब्ल्यूजेड-10 लड़ाकू हेलीकॉप्टरों से लैस किया है जिनका प्रयोग युद्धक टैंकों को निशाना बनाने और हवा से हवा में मार करने के लिए किया जाएगा। चीन के इस सामरिक कदम से भारत के लिए जटिलताएं हो सकती हैं। पीएलए के टीवी समाचार चैनल की खबर के अनुसार, पश्चिमी थियेटर कमान के तहत पीएलए के 13वें ग्रुप आर्मी के हवाई दस्ते को कई डब्ल्यूजेड-10 हेलीकॉप्टरों की आपूर्ति की गयी है।

सरकार संचालित अखबार चाइना डेली की खबर के अनुसार, इसका अर्थ है कि सेना के सभी हवाई दस्तों के पास आधुनिक लड़ाकू हेलीकॉप्टर हैं। पीएलए सेना के एविएशन इक्विपमेंट ब्यूरो के उप प्रमुख वरिष्ठ कर्नल शु गुओलिन ने समाचार चैनल से कहा कि सभी समूह सेनाओं के पास कम से कम एक हवाई ब्रिगेड या रेजीमेंट होगी। हेलीकॉप्टरों को प्राथमिक तौर पर टैंकों को नष्ट करने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया था, लेकिन अब यह हवा से हवा में मार करने की क्षमता से भी लैस है।

इस बीच, चीन की सेना ने मीडिया में आई इन खबरों का खंडन किया कि देश के स्टेल्थ लड़ाकू विमान जे-20, जिसका फिलहाल परीक्षण चल रहा है, को भारत-चीन सीमा पर तिब्बत में तैनात किया जाएगा। जे-20 को तिब्बत के दाओचेंग यादिंग हवाईअड्डे पर देखे जाने संबंधी खबरें आने के बाद पीएलए की वेबसाइट ने कहा है कि जे-20 को जल्द ही सेवा में लगाया जाएगा, लेकिन चीन-भारत सीमा उसकी तैनाती के लिए आदर्श स्थान नहीं है।

Latest World News